बिहार के भोजपुर जिले से एक दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां संदेश थाना कैंपस स्थित बैरक के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में चली गोली से एक होमगार्ड जवान की मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा रविवार की रात को हुआ, जब थ्री नॉट थ्री (3.03) राइफल से चली एक गोली जवान के सीने के बाईं ओर जा लगी। यह गोली इतनी खतरनाक थी कि उनके शरीर को पूरी तरह चीरते हुए दाहिने कंधे से बाहर निकल गई। मृतक जवान की पहचान रोहतास/सहार के गुलजारपुर गांव वार्ड नंबर-12 निवासी प्रेम शंकर राय के 25 वर्षीय पुत्र मोनल राय के रूप में की गई है।

फायरिंग की तेज आवाज सुनकर दूसरे कमरे में सो रहे अन्य साथी जवान तुरंत मौके पर दौड़े और खून से लथपथ मोनल राय को देख उनके होश उड़ गए। आनन-फानन में घायल जवान को पहले स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए आरा रेफर कर दिया। हालांकि, आरा ले जाने के क्रम में रास्ते नहीं उन्होंने दम तोड़ दिया। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि गोली साथी जवान की राइफल से चली है, लेकिन यह हादसा था या इसके पीछे कोई सोची-समझी साजिश या हत्या का मामला है, इन तमाम पहलुओं पर पुलिस गहराई से तफ्तीश कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आरा सदर अस्पताल में उसका पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर ड्यूटी या आराम के दौरान राइफल से गोली कैसे चली और उस वक्त कमरे के अंदर या आसपास कौन-कौन मौजूद था। जवान की अचानक इस तरह हुई दर्दनाक मौत से उसके पैतृक गांव गुलजारपुर और पूरे पुलिस-प्रशासनिक महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।










