▫️डीएवी एवं आदित्य बिरला पब्लिक स्कूल में स्कूल बसों की सुरक्षा जाँच
उपायुक्त, गढ़वा पशुपति नाथ मिश्रा के निर्देशानुसार सड़क सुरक्षा एवं स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला परिवहन विभाग द्वारा डीएवी पब्लिक स्कूल, गढ़वा एवं द आदित्य बिरला पब्लिक स्कूल, बेलचंपा में संचालित स्कूल बसों की सुरक्षा जाँच की गई।
निरीक्षण का नेतृत्व जिला परिवहन पदाधिकारी, गढ़वा गोपी उरांव ने किया। निरीक्षण के दौरान दोनों विद्यालयों में संचालित स्कूल बसों की विस्तृत जाँच की गई। इस क्रम में बसों के फिटनेस प्रमाण-पत्र, आवश्यक वाहन दस्तावेज, अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक उपचार किट, आपातकालीन व्यवस्था, वाहन की तकनीकी स्थिति तथा बच्चों की सुरक्षा से संबंधित अन्य आवश्यक मानकों का जायजा लिया गया।
जिला परिवहन पदाधिकारी गोपी उरांव ने विद्यालय प्रबंधन एवं बस संचालकों को निर्देशित किया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। स्कूल बसों का संचालन निर्धारित परिवहन एवं सड़क सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही किया जाए। उन्होंने वाहन चालकों एवं परिचालकों को यातायात नियमों का पूर्णतः पालन करने तथा बच्चों को बस में चढ़ाने एवं उतारने के दौरान विशेष सावधानी बरतने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि विद्यालयी बच्चों की सुरक्षित यात्रा को लेकर जिला प्रशासन एवं परिवहन विभाग पूरी तरह गंभीर है। स्कूल बसों में निर्धारित सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता एवं उनकी कार्यशील स्थिति सुनिश्चित करना आवश्यक है। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय प्रबंधन को स्कूल बसों की नियमित तकनीकी जाँच कराने, आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखने तथा सुरक्षा संबंधी कमियों का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही बस चालकों एवं परिचालकों को सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन संचालन के प्रति जागरूक किया गया।
जिला परिवहन विभाग द्वारा बताया गया कि उपायुक्त के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न विद्यालयों में स्कूल बसों की जाँच एवं सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं नियमसम्मत परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।










