*◆ उपायुक्त ने जनसुनवाई के माध्यम से सुनी आमजनों की समस्याएं*
*◆ प्राप्त शिकायतों के समाधान हेतु संबंधित पदाधिकारियों को किया निदेशित*
उपायुक्त गढ़वा पशुपति नाथ मिश्रा ने आज समाहरणालय सभागार में जनसुनवाई का आयोजन किया। जनसुनवाई में आए फरियादियों की समस्याएं बारी-बारी से सुनी गई एवं उसके निष्पादन हेतु उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारी को निर्देश दिया। आज के जनसुनवाई में राशन, पेंशन, भूमि विवाद, अवैध कब्जा, आवास, मुआवजा, योजनाओं का लाभ, अतिक्रमण, रोजगार सृजन, बकाया मजदूरी भुगतान समेत अन्य समस्याओं को लेकर उपस्थित हुए आमजनों की समस्याओं को उपायुक्त द्वारा गंभीरता से बारी-बारी सुनी गई एवं यथाशीघ्र उनके समस्याओं के निराकरण करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को निदेशित किया गया।

उक्त जनसुनवाई में डंडा प्रखंड के कोरटा निवासी प्रभा देवी ने उपायुक्त को आवेदन समर्पित करते हुए अंचल कार्यालय डंडा पर भूमि का नामांतरण नहीं करने एवं अवैध राशि की मांग किये जाने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि खाता संख्या 124 एवं प्लॉट संख्या 451 से अलग-अलग तीन केवाला से कुल 11.7 डिसमिल भूमि का क्रय उन्होंने किया है एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर बनाकर रह रहीं हैं। उन्होंने कहा कि जब तीनों केवाला से प्राप्त भूमि का नामांतरण कराने अंचल कार्यालय डंडा गईं तो नामांतरण हेतु अवैध राशि की मांग की गई, नहीं देने पर नामांतरण नहीं करने की बात कही गई।
धुरकी प्रखंड के ममता देवी ने अपने चौकीदार पति अनुज कुमार पासवान पर घरेलू हिंसा करने किसी शिकायत की। उन्होंने बताया कि उनके पति अनुज कुमार पासवान धुरकी थाना में चौकीदार के पद पर कार्यरत हैं, जो उनके साथ शराब पीकर मारपीट कर मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते हैं तथा घर खर्च के लिए पैसे भी नहीं देते हैं जिसके कारण स्वयं के साथ-साथ उनके दो बच्चों का पालन-पोषण करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसी स्थिति में उनके एवं दोनों बच्चों की सुरक्षा का चिंता बना रहता है। अतः उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए समुचित कार्रवाई करने एवं भरण पोषण हेतु खर्च दिलाने का अनुरोध किया।

सदर प्रखंड के टंडवा निवासी गुड्डी देवी ने आवेदन समर्पित करते हुए राशन कार्डधारी दुर्गावती कुंवर जिसका राशन कार्ड संख्या- 202000007532 है, को चालू करने का अनुरोध किया है। उन्होंने बताया कि कुछ माह पहले तक हुए उक्त राशन कार्ड के द्वारा खाद्यान का उठाव किया जा रहा था परंतु वर्तमान में राशन कार्ड से नाम कट जाने के कारण खाद्यान्न नहीं मिल रहा है। अत उन्होंने मामले की आवश्यक जांच कराते हुए पुनः राशन कार्ड में नाम जुड़वाने का आग्रह किया।

इसी प्रकार जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए शेष अन्य लोगों ने भी अपनी-अपनी समस्याओं को बारी-बारी से उपायुक्त के समक्ष रखा। आमजनों से प्राप्त शिकायतों के समाधान हेतु उपायुक्त श्री मिश्रा द्वारा संबंधित पदाधिकारीयों को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही दूरभाष के माध्यम से संबंधित विभागों के कार्यालय प्रधान को संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ आमजनों से प्राप्त शिकायतों व समस्याओं को निष्पादित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गयें। उक्त जनसुनवाई कार्यक्रम में लगभग 15 आवेदन प्राप्त हुए।










