◆ उपायुक्त ने जनसुनवाई के माध्यम से सुनी आमजनों की समस्याएं*
◆ प्राप्त शिकायतों के समाधान हेतु संबंधित पदाधिकारियों को किया निदेशित*
उपायुक्त गढ़वा पशुपति नाथ मिश्रा ने आज समाहरणालय सभागार में जनसुनवाई का आयोजन किया। जनसुनवाई में आए फरियादियों की समस्याएं बारी-बारी से सुनी गई एवं उसके निष्पादन हेतु उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारी को निर्देश दिया। आज के जनसुनवाई में राशन, पेंशन, भूमि विवाद, अवैध कब्जा, आवास, मुआवजा, योजनाओं का लाभ, अतिक्रमण, रोजगार सृजन, बकाया मजदूरी भुगतान समेत अन्य समस्याओं को लेकर उपस्थित हुए आमजनों की समस्याओं को उपायुक्त द्वारा गंभीरता से बारी-बारी सुनी गई एवं यथाशीघ्र उनके समस्याओं के निराकरण करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को निदेशित किया गया।
उक्त जनसुनवाई कार्यक्रम में भवनाथपुर प्रखंड के मकरी निवासी बाला प्रसाद यादव ने उपायुक्त के समक्ष आवेदन समर्पित करते हुए अपने भूमि को अपने ही गांव के व्यक्तियों द्वारा कब्ज़ा करने की शिकायत की है। उन्होंने बताया कि उनके 37.5 डिसमिल कृषि योग्य निजी भूमि को बा-जबरदस्ती संजय उरांव एवं अंजू उरांव द्वारा जोत-कोड़ करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पूर्व से ही उनके खेतों में अरहर एवं अन्य फसल लगाई गई है जिसे काटने पर उक्त दोनों व्यक्तियों द्वारा जान माल की क्षति हेतु धमकी दी जाती है। अतः उन्होंने उक्त मामले को गंभीरता से लेते हुए समुचित समाधान करने का अनुरोध किया।

विनोद कुमार गुप्ता, सहायक आचार्य, उत्क्रमित मध्य विद्यालय जीका, बरडीहा ने आवेदन समर्पित करते हुए अपने प्रतिनियोजित विद्यालय उत्क्रमित मध्य विद्यालय खोलरा, मेराल में अपने प्रतिनियोजन की अवधि विस्तारित करने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि उनके खराब स्वास्थ्य रहने एवं उनके पिता को कैंसर पीड़ित होने के कारण देखभाल हेतु पूर्व में जिला शिक्षा अधीक्षक के कार्यालय आदेश के फलस्वरुप उनका प्रतिनियोजन उनके निवास स्थान के नजदीकी विद्यालय उत्क्रमित मध्य विद्यालय खोलरा, मेराल में किया गया था, जिसकी प्रतिनियोजन अवधि समाप्त हो गई है। अतः उन्होंने अपने एवं पिता की देखभाल के साथ-साथ अपने विद्यालयी कर्तब्ययों का भी निर्वह्न सुचारू रूप से करते रहने हेतु अगले आदेश तक अपना प्रतिनियोजन उक्त विद्यालय में ही विस्तारित करने का आग्रह किया।
रमना प्रखंड के बहियार खुर्द निवासी सलमा बीवी ने अपने ही रिश्तेदारों के द्वारा घरेलू हिंसा करते हुए प्रताड़ित करने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि उनके पति की हत्या पूर्व में उनके ही (गोतिया/पाटीदार) रिश्तेदारों द्वारा कर दिया गया तथा अब उनके साथ मारपीट एवं जोर-जबरदस्ती किया जाता है। साथ ही उनके हिस्से के भूमि में उन्हें कृषि करने से रोका जाता है। अतः उन्होंने उक्त मामले में समुचित कार्रवाई करने का अनुरोध किया।
सदर प्रखंड के जाटा निवासी ललन शर्मा ने जाटा में बंडा मोड़ के पास नया ट्रांसफर्मर लगाने एवं बिजली के खम्भा से गिरे तार को कवर्ड तार से बदलने की मांग की। उन्होंने उक्त गांव में पिछले कई महीनो से बिजली की गंभीर समस्या से उपायुक्त को अवगत कराते हुए बताया कि पूर्व से अधिष्ठापित ट्रांसफार्मर में क्षमता से अधिक लोड होने के कारण बार-बार खराब हो जाता है एवं बिजली के खम्भों से बिजली का नंगा तार गिर जाने के कारण आमजनों समेत मवेशियों के लिए खतरा एवं दुर्घटना होने की संभावना बनी रहती है। अतः उन्होंने उक्त गांव में उच्च क्षमता वाले विद्युत ट्रांसफर्मर एवं बिजली के सभी नंगे तारों को कवर्ड तार से बदलने की मांग की।
इसी प्रकार जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए शेष अन्य लोगों ने भी अपनी-अपनी समस्याओं को बारी-बारी से उपायुक्त के समक्ष रखा। आमजनों से प्राप्त शिकायतों के समाधान हेतु उपायुक्त श्री मिश्रा द्वारा संबंधित पदाधिकारीयों को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही दूरभाष के माध्यम से संबंधित विभागों के कार्यालय प्रधान को संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ आमजनों से प्राप्त शिकायतों व समस्याओं को निष्पादित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गयें। उक्त जनसुनवाई कार्यक्रम में लगभग 25 आवेदन प्राप्त हुए।










