- *झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा को लेकर जिला प्रशासन रेस, 17 से 28 नवंबर तक जिलेभर में होंगे विविध कार्यक्रम*
- *पर्यटन स्थलों की साफ-सफाई, खेल एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं, शैक्षणिक गतिविधियां और रोजगार सृजन अभियान को लेकर उपायुक्त ने की समीक्षा बैठक*
- *26 से 28 नवंबर तक खेलगांव, रांची में आयोजित मेला-सह-प्रदर्शनी में जिले की पर्यटन पहचान का होगा प्रदर्शन*
**************************************
गढ़वा। झारखंड राज्य स्थापना दिवस, 2026 के अवसर पर आयोजित होने वाले स्थापना दिवस पखवाड़ा (17 नवंबर से 28 नवंबर 2026) को सफल, सुव्यवस्थित एवं यादगार बनाने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। राज्य सरकार के विभिन्न विभागों से प्राप्त निर्देशों के आलोक में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी श्री पशुपति नाथ मिश्रा ने अपर समाहर्ता श्री विकास कुमार राय, जिला खेल पदाधिकारी श्री दिलीप कुमार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती अर्चना सिन्हा तथा शिक्षा विभाग के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर प्रस्तावित कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने तथा कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने कहा कि झारखंड राज्य की स्थापना 15 नवंबर 2000 को बिहार से अलग होकर हुई थी। अपनी समृद्ध लोक एवं जनजातीय संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य, खनिज संपदा, गौरवशाली इतिहास और वीर सपूतों की विरासत के लिए प्रसिद्ध झारखंड ने विकास और परिवर्तन की 26 वर्षों की यात्रा पूरी की है। राज्य स्थापना दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि राज्य की उपलब्धियों, संभावनाओं और विकास के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर भी है। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस पखवाड़ा के दौरान आयोजित सभी गतिविधियों में जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि राज्य की विरासत, प्रगति और आकांक्षाओं को व्यापक पहचान मिल सके।
*”One District one destination”अंतर्गत श्री बंशीधर मंदिर को नामित किया गया*
स्थापना दिवस पखवाड़ा के दौरान 17 से 28 नवंबर तक जिले के विभिन्न पर्यटन स्थलों एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थलों पर विशेष साफ-सफाई अभियान और जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर स्वच्छता गतिविधियां संचालित करने, स्थानीय लोगों एवं युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा पर्यटकों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया।
वहीं, 26 से 28 नवंबर तक खेलगांव, रांची में आयोजित होने वाले मेला-सह-प्रदर्शनी में जिले की ओर से आकर्षक स्टॉल लगाया जाएगा। इसमें ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन डेस्टिनेशन’ की अवधारणा के तहत जिले के श्री बंशीधर मंदिर को प्रमुख पर्यटन स्थल को विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि जिले की प्राकृतिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन संबंधी विशेषताओं को राज्य स्तर पर पहचान मिल सके।
*खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को मिलेगा मंच*
स्थापना दिवस समारोह के तहत विभिन्न पारंपरिक एवं आधुनिक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। प्रस्तावित खेल विधाओं में सेकोर (टीम स्पर्धा), गुलेल, मटका दौड़, गेड़ी दौड़, भारा दौड़ एवं तीरंदाजी (व्यक्तिगत स्पर्धा) के साथ फुटबॉल, हॉकी एवं वॉलीबॉल (टीम स्पर्धा) शामिल हैं। उपायुक्त ने जिला खेल पदाधिकारी को प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए आवश्यक तैयारियां, प्रतिभागियों का चयन एवं अन्य व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
*24 नवंबर को होगी जिला स्तरीय सांस्कृतिक गीत-संगीत प्रतियोगिता*
सांस्कृतिक कार्य निदेशालय, झारखंड, रांची के निर्देशानुसार राज्य की समृद्ध लोक एवं जनजातीय कला-संस्कृति, पारंपरिक गीत-संगीत एवं वादन परंपराओं को प्रोत्साहित करने तथा स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से 17 से 27 नवंबर तक राज्यव्यापी सांस्कृतिक गीत-संगीत प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसके अंतर्गत 24 नवंबर को जिला स्तरीय सांस्कृतिक गीत-संगीत प्रतियोगिता होगी।
इस प्रतियोगिता में 16 से 30 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागी भाग ले सकेंगे। हिंदी एवं क्षेत्रीय भाषाओं में गजल, हिंदी गीत, नागपुरी गीत, भजन, सूफी गायन तथा अन्य क्षेत्रीय गीत-संगीत विधाओं में प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिता के प्रथम चरण में 17 से 25 नवंबर तक जिला स्तर पर प्रतियोगिता-सह-स्क्रीनिंग आयोजित कर जिले से एक उत्कृष्ट प्रतिभागी का चयन किया जाना है । इसके बाद 26 एवं 27 नवंबर को राज्य संग्रहालय, होटवार, रांची में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता-सह-स्क्रीनिंग के माध्यम से अंतिम रूप से तीन प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। 28 नवंबर को सायं 6 बजे से 7:30 बजे तक राज्य संग्रहालय, होटवार में फाइनल राउंड, पुरस्कार वितरण एवं सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा।
उपायुक्त ने जिला खेल पदाधिकारी, जिन्हें संस्कृति कार्यक्रम के लिए नोडल पदाधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है, को प्रतिभागियों का पंजीकरण, निर्णायक मंडल का गठन, मंच, प्रकाश एवं ध्वनि व्यवस्था, प्रचार-प्रसार, भोजन, आवासन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। प्रतियोगिता में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए निर्धारित मानदंडों के अनुरूप निर्णायक मंडल द्वारा प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा।
*विद्यालयों में गूंजेगी झारखंड की गौरव गाथा, विद्यार्थियों के लिए होंगी विविध प्रतियोगिताएं*
शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार ‘झारखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह : विरासत, प्रगति और आकांक्षाओं का उत्सव’ थीम पर 17 से 28 नवंबर तक जिले के विद्यालयों में विभिन्न शैक्षणिक, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को झारखंड के इतिहास, गौरवशाली विरासत, महापुरुषों, आंदोलनकारियों, लोक संस्कृति एवं विकास की संभावनाओं से परिचित कराना तथा उनमें राज्य के प्रति गौरव एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।
*इसके तहत निम्नलिखित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी–*👇
1. प्रातःकालीन विशेष प्रार्थना सभा : 17 से 20 नवंबर तक प्रतिदिन प्रातः 9:00 से 9:30 बजे तक विद्यालयों में विशेष प्रार्थना सभा आयोजित की जाएगी। इसमें झारखंड के इतिहास, गौरव गाथा, महापुरुषों, आंदोलनकारियों, राज्य स्थापना एवं समृद्ध सांस्कृतिक विरासत पर विद्यार्थियों को जानकारी दी जाएगी। साथ ही झारखंड के विकास के लिए विद्यार्थियों को सामूहिक शपथ दिलाई जाएगी।
2. क्विज प्रतियोगिता : कक्षा 6 से 8 तथा कक्षा 9 से 12 के विद्यार्थियों के लिए झारखंड के इतिहास, महापुरुषों, आंदोलनकारियों, राज्य स्थापना, संस्कृति, विकास एवं सामान्य ज्ञान पर आधारित क्विज प्रतियोगिता होगी। विद्यालय स्तर पर 18 एवं 19 नवंबर को, प्रखंड स्तर पर 25 नवंबर तथा जिला स्तर पर 27 नवंबर को प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
3. निबंध प्रतियोगिता : कक्षा 6 से 8 एवं कक्षा 9 से 12 के विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग विषय निर्धारित किए गए हैं। इनमें झारखंड की संस्कृति, महापुरुषों एवं वीर सपूतों का योगदान, स्वच्छ एवं हरित झारखंड, खनिज संपदा का राष्ट्र के विकास में योगदान, वनोपज एवं कृषि आधारित औद्योगिकीकरण की संभावनाएं, पशुपालन एवं मत्स्य पालन में रोजगार की संभावनाएं, झारखंड के विकास में विद्यार्थियों के विचार तथा जलवायु परिवर्तन जैसे विषय शामिल हैं। विद्यालय स्तर पर 18 से 20 नवंबर, प्रखंड स्तर पर 25 नवंबर एवं जिला स्तर पर 27 नवंबर को प्रतियोगिता होगी।
4. नृत्य, गायन, ड्रामा एवं कथावाचन प्रतियोगिता : विद्यार्थियों को स्थानीय लोकगीतों, पारंपरिक नृत्य एवं झारखंड के प्रमुख पर्व-त्योहारों जैसे सरहुल, करमा, जितिया, टुसू, माघे एवं सोहराय पर आधारित प्रस्तुतियां देने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता विद्यालय स्तर पर 18 से 20 नवंबर, प्रखंड स्तर पर 25 नवंबर एवं जिला स्तर पर 27 नवंबर को आयोजित होगी।
5. पेंटिंग प्रतियोगिता : कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए राज्य के महापुरुषों एवं विभूतियों, पर्यावरण संरक्षण, दर्शनीय एवं पर्यटन स्थलों तथा पारंपरिक जनजातीय कला पर आधारित पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। विद्यालय स्तर पर 17 एवं 18 नवंबर, प्रखंड स्तर पर 25 नवंबर तथा जिला स्तर पर 27 नवंबर को प्रतियोगिता होगी।
विद्यालय स्तर की गतिविधियों के सफल संचालन की जिम्मेदारी प्रधानाध्यापक एवं शिक्षकों को दी गई है। प्रखंड स्तर पर संबंधित प्रधानाध्यापक, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (बीईईओ), प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी (बीपीओ) एवं मुख्यालय विद्यालय के प्रधानाध्यापक तथा जिला स्तर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, अनुमंडल शिक्षा पदाधिकारी, एडीपीओ एवं सभी एपीओ को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
*28 नवंबर को मेधावी विद्यार्थियों का होगा सम्मान*
झारखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर 28 नवंबर को खेलगांव, रांची में माननीय मुख्यमंत्री, झारखंड द्वारा CBSE, JAC एवं ICSE की वार्षिक माध्यमिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा-2026 के टॉपर्स तथा 80 CM SoE के झारखंड ई-शिक्षा महोत्सव-2025 के विजेताओं को सम्मानित किए जाने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इस संबंध में उपायुक्त ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को संबंधित मेधावी छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को समय पर सूचना उपलब्ध कराने तथा आवश्यक समन्वय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
*ग्रामीण आवास योजना के लाभुकों के घरों में मनेगा गृह प्रवेश सप्ताह*
ग्रामीण विकास विभाग के निर्देशानुसार झारखंड स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 15 से 21 नवंबर तक जिले के सभी प्रखंडों में ‘गृह प्रवेश सप्ताह’ का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, पीएम जनमन, बाबा आवास योजना तथा बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 में निर्मित आवासों के लाभुकों को गृह प्रवेश कराया जाएगा। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को पात्र लाभुकों के गृह प्रवेश की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने एवं कार्यक्रम में लाभुक परिवारों की सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
*रोजगार सृजन अभियान से ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ेंगे रोजगार के अवसर*
राज्य स्थापना दिवस एवं वर्तमान राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विकसित भारत-जी राम जी के अंतर्गत 15 से 28 नवंबर तक राज्य के सभी जिलों, प्रखंडों एवं पंचायतों में राज्यव्यापी ‘रोजगार सृजन अभियान’ संचालित किया जा रहा है। इसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने तथा पात्र ग्रामीण परिवारों को रोजगार संबंधी योजनाओं से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
*सभी कार्यक्रमों में जनभागीदारी और बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने का निर्देश*
बैठक में उपायुक्त श्री पशुपति नाथ मिश्रा ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत निर्धारित कार्यक्रमों का आयोजन केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि इसमें आम नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों, महिलाओं, कलाकारों एवं स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तैयारी करने, कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा प्रत्येक गतिविधि का सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि झारखंड की गौरवशाली विरासत, सांस्कृतिक पहचान, पर्यटन संभावनाओं, शैक्षणिक उपलब्धियों और विकास के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना स्थापना दिवस पखवाड़ा का मुख्य उद्देश्य है। सभी के सामूहिक प्रयास से इस आयोजन को यादगार एवं जनभागीदारी का उत्सव बनाया जाए।










