रांची : 2024 में रांची के लोगों को तीन फ्लाईओवर की सौगात मिलेगी। रांची में इन दिनों एक साथ तीन फ्लाईओवर का निर्माण किया जा रहा है। फ्लाईओवर निर्माण से शहर में जाम की समस्या से काफी हद तक मुक्ति मिल सकेगी। साथ ही शहर की रफ्तार और तेज हो जायेगी। इंजीनियरों ने कहा कि जिस तेजी से काम चल रहा है, उसके अनुसार तय समय पर काम पूरा हो जाएगा।
रांची में कांटाटोली फ्लाईओवर का काम कई साल पहले शुरू हुआ था, लेकिन अब इसमें रफ्तार दिख रही है। सिरमटोली चौक से डोरंडा राजेंद्र चौक तक फ्लाईओवर का काम छह महीने पहले ही शुरू हुआ है, लेकिन इसमें भी काफी तेजी दिख रही है। रातू रोड फ्लाईओवर का काम भी आगे बढ़ गया है। फ्लाईओवर निर्माण में जुटे इंजीनियरों का कहना है कि 2024 तक राजधानी को तीन फ्लाईओवर की सौगात मिल जाएगी।
कांटाटोली फ्लाईओवर का काम 40 प्रतिशत पूरा
कांटाटोली फ्लाईओवर का करीब 40 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है, जबकि सिरमटोली चौक से डोरंडा राजेंद्र चौक तक फ्लाईओवर का काम महज चार महीने पहले से शुरू हुआ है। अब तक 20 प्रतिशत का काम पूरा कर लिया गया है। रातू रोड फ्लाईओवर का काम भी लगभग 30 प्रतिशत पूरा हो चुका है। कांटाटोली फ्लाईओवर में 44 पिलर का निर्माण होना है, जिसमें 32 पीलर खड़े हो गए है।
अब अगले महीने से स्लोपिंग का निर्माण कार्य भी शुरू हो जाएगा। इस फ्लाईओवर की लंबाई करीब 2.24 किलोमीटर है। निर्माण कार्य में जुटे इंजीनियरों ने बताया कि अगले 15 दिनों में रांची के बहुबाजार चौक से कांटाटोली के बीच स्लोपिंग का काम शुरू हो जाएगा।
रातू रोड फ्लाईओवर का काम 30 प्रतिशत पूरा
रांची में पिस्का मोड़ से रातू रोड के बीच बन रहे फ्लाईओवर (एलिवेटेड रोड) निर्माण का काम लगभग 30 प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। करीब एक दर्जन पिलर तैयार हो गए है। शेष काम 2024 तक पूरा कर लिया जाएगा। इस फ्लाईओवर का निर्माण कार्य छह-सात महीने में काफी तेजी से हुआ।
सिरमटोली फ्लाईओवर का करीब 20 प्रतिशत काम पूरा
रांची के सिरमटोली से राजेंद्र चौक तक फ्लाईओवर का करीब 20 प्रतिशत काम पूरा कर लिया गया है, जिसमें सिरमटोली चौक से पटेल चौक तक 40 प्रतिशत काम पूरा हो गया है। यहां 15 पिलर खड़ा कर लिया गया है। सात पिलर जल्द खड़े कर लिए जाएंगे।










