गिरिडीह : जिले के नगर थाना क्षेत्र के बरगंडा स्थित एक माइका फैक्ट्री में अनुमंडल पदाधिकारी विशालदीप खलखो ने छापेमारी की। छापेमारी दल में अंचलाधिकारी रवि भूषण प्रसाद, नगर थाना प्रभारी आरएन चौधरी समेत कई लोग शामिल थे।
छापामारी के दौरान टीम के पदाधिकारियों ने कागजातों को खंगालने का काम शुरू कर दिया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अधिकारियों ने कई कागजातों को भी जब्त किया है। बताया जाता है कि प्रशासन को गुप्त सूचना मिली थी की बरगंडा स्थित राजेंद्र भरतिया के आवास में भारी मात्रा में माइका का डस्ट रखा हुआ है। इसी सूचना पर अनुमंडल पदाधिकारी के नेतृत्व में टीम ने छापेमारी की। छापामारी के दौरान आवास के सभी कमरों में माइका का डस्ट भरा बोरा रखा हुआ था। जिसे देख लोग दंग रह गए। प्रशासन की टीम पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।









