कोडरमा : कोडरमा से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां नाबालिग की शादी करवाने के मामले में पुलिस ने दूल्हा, पंडित सहित 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। मामला मरकच्चो थाना क्षेत्र के जामु का है।
गुड़गांव का रहने वाला है दुल्हा
हरियाणा के गुड़गांव का रहने वाले शादी शुदा 40 वर्षीय एक व्यक्ति की शादी एक नाबालिग लड़की से करवाई जा रही थी। घर के अंदर मंडप सज कर तैयार हो चुका था। दूल्हा भी गुड़गांव से अपने बारात संग दुल्हनिया को लेने उसके घर पहुंच चुका था, लेकिन किसी ने पुलिस को इसकी सूचना दे दी। पुलिस को बताया गया कि एक नाबालिग की शादी अधिक उम्र के लड़के से करवाया जा रहा है।
पुलिस ने छापेमारी कर गिरोह का किया पर्दाफाश
1098 पर मिली शिकायत पर जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी, चाइल्ड लाइन टीम, बीडीओ व मरकच्चो पुलिस बल ने संयुक्त रूप से मरकच्चो के जामु में छापेमारी कर नाबालिग की शादी करवाने वाले एक ऐसे गिरोह को पर्दाफाश किया है, जो नाबालिग बच्चियों की उम्रदराज पुरुषों से शादी कराते हैं और इसके बदले मोटी रकम वसूलते हैं।
सभी गिरफ्तार लोगों को पुलिस ने भेजा जेल
पुलिस टीम ने मौके से दूल्हा, पंडित समेत शादी करवाने वाली महिला सहित इसमें शामिल 9 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गिरफ्तार सभी लोगों को जेल भेज दिया है। यह पूरा मामला कही ना कहीं बाल तस्करी से जुड़ा हुआ है। पुलिस अन्य तथ्यों के आधार पर पूरे मामले की तफ्तीश में जुटी है।
पुलिस ने रुकवाया शादी
बताया जाता है कि दुल्हन और दूल्हे की अगले ही दिन शादी होने वाली थी। दूल्हा अपने रिश्तेदारों के साथ नाबालिग के घर पहले ही पहुंचकर शादी का रश्म कर रहा था। लेकिन मंडपपुजन के बीच में ही बाल संरक्षण पदाधिकारी की टीम ने चाइल्डलाइन व पुलिस के साथ नाबालिग के साथ पहुंचकर शादी को रुकवा दिया।









