धनबाद : सदर थाना क्षेत्र में हाल के दिनों में चोरी आपराधिक घटनाओं में वृद्धि हुई है। पुलिस अब आपराधिक घटनाओं को नियंत्रण करने के उद्देश्य से नई पहल शुरू कर रही है। जिसे देखते हुए सदर थाना क्षेत्र के सभी पूर्व वार्ड पार्षदों की बैठक सदर थाना में थाना प्रभारी के नेतृत्व में बैठक किया गया।
ये लिया गया निर्णय
जिसमें यह निर्णय लिया गया कि उनके वार्ड में कोई भी अपराधिक गतिविधियां होती हैं या किसी पर संदेह हो तो तत्काल स्थानीय थाना को सूचना दें। साथ ही मकान किराये में देने वाले अपने किरायेदार की पूर्ण जानकारी पुलिस को उपलब्ध करायेंगे। किराए पर मकान देने पर स्थानीय थाने को आईडी प्रूफ के साथ पूरा विस्तृत विवरण सौपेंगे। अगर कोई आपराधिक वारदात होती है तो अपराधियों की पहचान आसानी से हो सके और अपराध करने से पूर्व ही उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।
जानिए पार्षदों ने क्या कहा
बैठक में शामिल पार्षदों ने पुलिस की पहल को सही बताया। साथ ही कहा कि यह पहल केवल एक थाना के लिये न होकर एसएसपी पूरे जिले में इसे लागू करे। सदर थाना प्रभारी संतोष गुप्ता ने कहा कि इनदिनों चोरी सहित अन्य अपराध थाना क्षेत्र में अधिक घटित हुई है। इसके रोक को लेकर सभी का सहयोग जरुरी है। मकान किराये में देने पर सभी जानकारी पार्षदों के माध्यम से पुलिस को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।









