रांची. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज रांची के कांके स्थित सुकुरहुटू में बने कैंसर हॉस्पिटल का उद्घाटन किया। इस अस्पताल का संचालन टाटा कैंसर केयर फाऊंडेशन के द्वारा किया जाएगा। इस अस्पताल के निर्माण में करीब 400 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। अस्पताल में फिलहाल लगभग 82 बेड पर भर्ती की सुविधा होगी।
वहीं, अत्याधुनिक उपकरणों से लैस 14 ऑपरेशन थिएटर के साथ फिलहाल 28 बेड के आईसीयू और ब्लड बैंक भी संचालित किए जाएंगे। साथ ही जरूरतमंद लोगों के लिए आवासीय परिसर का निर्माण भी कराया जाएगा। मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, एसीएस अरुण कुमार सिंह भी मौजूद रहें।
कैंसर रोगियों को मिलेगा बेहतर इलाज
कैंसर अस्पताल के शुरू होने से न केवल झारखंड को बल्कि पड़ोसी राज्य भी इसका लाभ उठा पाएगे। अभी मरीजों से रजिस्ट्रेशन के नाम पर 135 रुपये लिये जा रहे हैं। बता दें, अस्पताल में ओपीडी का संचालन बीते साल अक्टूबर से ही किया जा रहा हैं। अब विधिवत संचालित होगा। नवंबर 2018 में झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास और टाटा ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष रतन टाटा ने रांची कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर का शिलान्यास किया था, जिसे डेढ़ साल में संचालित किया जाना था।









