बगोदर (गिरिडीह) : बगोदर के बिहारो गांव के जिरामो पहाड़ी के पास में सुतली बम विस्फोट से एक महिला बुरी तरह घायल हो गईं। आनन फानन में महिला बुंदिया देवी को बगोदर सीएचसी लाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है।
घटना के संबंध में बताया जा रहा कि महिला गाय चराने जंगल गई हुईं थी। इसी बीच खेत में सुतली से बंधा हुआ गेंदनुमा एक बम पड़ा हुआ था। महिला ने उत्सुकतावश उसे उठाया और उसपर एक छोटे पत्थर से मारकर देखा, जिससे बम विस्फोट हो गया। महिला के दोनों हाथ बुरी तरह जल गए।
पूर्व जिप सदस्य पूनम महतो ने स्थानीय लोगों के सहयोग से महिला को तुरंत बगोदर सीएचसी लाया गया, जहां डॉक्टर नीरज कुमार ने महिला को प्राथमिक उपचार के बाद पीएमसीएच धनबाद रेफर कर दिया। कयास लगाया जा रहा है कि सुअर का शिकार करने के लिए शिकारियों द्वारा सुतली बम बना कर खेत में रखा गया था, जिससे यह घटना हुई।
जंगली क्षेत्रों में सूअर का शिकार करने के लिए उन्हें बारूद का चारा दिया जाता है। शिकारी सुतली बम बनाकर सुअरों को आकर्षित करने के लिए इस पर सुगंधित केमिकल आटा या फिर पशु पक्षियों की चर्बी लपेट देते हैैं। जैसे ही सुअर उसे मुँह में लेकर दबाता है वो विस्फोट हो जाता है।









