- *दुर्गापूजा से पहले अवैध शराब के ठिकानों पर उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, 210 लीटर महुआ शराब एवं 2,000 किलोग्राम जावा महुआ जब्त*
- *उपायुक्त के निर्देश पर बरडीहा एवं मझिआंव थाना क्षेत्र में छापेमारी, फरार अभियुक्तों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज*
**************************************
गढ़वा। आगामी दशहरा एवं दुर्गापूजा त्योहार के मद्देनजर जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं कारोबार पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा के निर्देशानुसार तथा अधीक्षक उत्पाद संजीत देव के पर्यवेक्षण में उत्पाद विभाग की टीम ने 16 अक्टूबर 2026 को बरडीहा एवं मझिआंव थाना क्षेत्र में संचालित अवैध शराब निर्माण केंद्रों पर छापेमारी की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग की टीम ने बरडीहा थाना अंतर्गत लोका तथा मझिआंव थाना अंतर्गत दुबे ताल में अवैध शराब निर्माण केंद्रों को लक्षित करते हुए कार्रवाई की। अवर निरीक्षक उत्पाद के नेतृत्व में की गई इस छापेमारी के दौरान घटनास्थल से भारी मात्रा में अवैध महुआ चुलाई शराब एवं शराब निर्माण में प्रयुक्त होने वाला जावा महुआ बरामद किया गया।

छापेमारी के क्रम में कुल 210 लीटर अवैध महुआ चुलाई शराब तथा 2,000 किलोग्राम जावा महुआ जब्त किया गया। कार्रवाई के दौरान अवैध शराब निर्माण एवं कारोबार में संलिप्त बताए गए अभियुक्त फरार पाए गए। उनके विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। फरार अभियुक्तों के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
जिला प्रशासन द्वारा त्योहार के दौरान अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से संबंधित विभागों को सतर्कता बरतने तथा अवैध गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। उत्पाद विभाग द्वारा भी अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री से जुड़े ठिकानों पर निगरानी रखी जा रही है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।










