रांची. सीएम हेमंत सोरेन ने मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में जुडको के अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें जुडको के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष राजधानी के अल्बर्ट एक्का चौक से कचहरी चौक और उसके आसपास के क्षेत्र के पुनर्विकास के लिए तैयार किये गये मास्टर प्लान का पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन दिया। इस दौरान सीएम ने हर पहलू को गहराई से समझा तथा अपनी ओर से कई आवश्यक सुझाव एवं दिशा-निर्देश अधिकारियों को दिये।
जुडको द्वारा प्रस्तावित इस कार्य योजना के तहत रांची के अल्बर्ट एक्का चौक से कचहरी चौक और आसपास के क्षेत्र में मौजूदा सड़क और बुनियादी ढांचे का सौंदर्यकरण तथा पुनर्विकास कार्यों से संबंधित मास्टर प्लान तैयार किया गया है। मास्टर प्लान के तहत उन क्षेत्रों में मुख्य रूप से वेंडिंग जोन के साथ तीन मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण, ग्रीन एरिया का विस्तारीकरण, विभिन्न सड़कों का चौड़ीकरण कार्य तथा कचहरी चौक से जेल चौक तक अंडर बाईपास रोड का निर्माण सहित विभिन्न बुनियादी ढांचों के सौंदर्यकरण सहित अन्य कार्य किया जाना प्रस्तावित है।
बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के सचिव सह नगर विकास सचिव विनय कुमार चौबे, जुडको के प्रोजेक्ट डायरेक्टर टेक्निकल गोपाल जी, प्रोजेक्ट मैनेजर प्रत्यूष चौधरी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।









