धनबाद : धनबाद गोमो रेलखंड पर बड़ा हादसा हुआ है। यहां झारखोर बस्ती के समीप फाटक संख्या 07 पर हाईटेंशन तार की चपेट में आने से छह ठेका मजदूरों की मौत हो गयी है। बताया जाता है कि सभी ठेका मजदूर रेलवे ट्रैक पर कार्य कर रहे थे। इसी दौरान हाईटेंशन तार की चपेट में आ गए। जिससे 6 मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई।
बिजली के खम्भे गाड़ने के दौरान हुआ हादसा
घटना के सम्बंध में बताया जा रहा है कि सभी मृतक ठेका कर्मी थे। जो रेलवे ट्रैक से जुड़े बिजली के खम्भे को गाड़ने का काम कर रहे थे। इसी दौरान रेलवे के हाईटेंशन तार खम्भे को छू गया। जिसके कारण कार्य कर रहे सभी मजदूर की मौत दर्दनाक तरीके से हो गई। घटना को सूचना पाकर धनबाद डीआरएम सहित कई रेल अधिकारी घटनास्थल पहुँचकर घटना की जाँच में जुट गए।
इसी बीच एक चौंकानेवाली बात भी सामने आई। घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर खड़ी एक लड़की निशा कुमारी को भी करंट के झटके लगे। जिससे वो मूर्छित हो गयी। हालांकि इस सम्बंध में ग्रामीणों ने रेल स्वास्थ्य विभाग की टीम को दिया, जिसके बाद टीम द्वारा उसकी जाँच की गई जो फ़िलहाल सकुशल है।
धनबाद डीआरएम ने की घटना की पुष्टि
घटना के सम्बंध में जानकारी देते हुए धनबाद डीआरएम केके सिन्हा ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है। क्योंकि इस तरह के सभी कार्य विभागीय सूचना के आधार पर किया जाता है, ताकि इस दिशा की तार के बिजली प्रवाह को रोककर सुरक्षित रूप से कार्य किया जा सके। डीआरएम ने मामले में सख्ती से जाँच करने की बात कही। साथ ही यह भी कहा कि प्रथम जांच जिला प्रशासन के पक्ष से रामकनाली ओपी को जिम्मा सौंपा गया है। वहीं द्वितीय जाँच का जिम्मा सम्बंधित आरपीएफ पोस्ट को दिया गया है। इन सभी जाँच प्रक्रिया के बाद रेलवे की विभागीय टीम किसी नतीजे तक पहुँचेगी।
इनकी हुई मौत
मृतक मजदूरों के सहकर्मी और जो उनके परिजन हैं उनके द्वारा मिली जानकारी के अनुसार मृतक मजदूरों के नाम गोविंद सिंह, श्यामदेव सिंह, सुपरवाइजर सूरज मिस्त्री, दिनेश भुइयां और संजय भुइयां बताया जा रहा है। वहीं एक मजदूर जो चाईबासा का बताया जा रहा है उसकी पहचान नहीं हो पाई है। फिलहाल नियमानुसार रामकनाली ओपी द्वारा सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं मामले की जांच में पुलिस-प्रशासन जुट गई है।









