रांची : विधायक प्रदीप यादव और उनसे जुड़े सहयोगियों के रांची, देवघर, दुमका और गोड्डा में कुल 12 ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) सुबह से ही छापेमारी कर रही है। ईडी की टीम गोड्डा में भी विधायक प्रदीप यादव के आवास पर छापेमारी कर रही है। बता दें कि प्रदीप यादव के यहां इससे पहले भी ईडी की छापेमारी हो चुकी है।
इनकम टैक्स के रिपोर्ट के आधार पर ईडी ने की कार्रवाई
विधायक प्रदीप यादव से जुड़े आयकर केस में विधायक के करीबियों के यहां ईडी की छापेमारी चल रही है। जानकारी के अनुसार इनकम टैक्स के द्वारा दिए गए रिपोर्ट के आधार पर ईडी ने कार्रवाई की है। जानकारी के अनुसार छापेमारी राँची सहित कई दूसरे जिलों में भी चल रही है। बीते चार नवंबर 2022 को हुए आयकर छापेमारी में विधायक प्रदीप यादव के घर से दो लाख रुपये, उनके करीबी और गोड्डा के होटल व्यवसायी श्यामाकांत यादव के घर से 40 लाख और दुमका के विनोद कुमार लाल के घर से नौ लाख बरामद हुए थे। आयकर विभाग से मिले इनपुट को ही आधार बनाकर ईडी ने यह छापेमारी की है।
बिल्डर शिव कुमार के ठिकानों पर म्क् की रेड
वहीं चेशायर होम रोड में रहने वाले बिल्डर शिवकुमार के ठिकाने पर भी ईडी की टीम पहुंचकर छापेमारी कर रही है। जानकारी के मुताबिक, जमीन घोटाले मामले को लेकर ईडी की टीम शिवकुमार के ठिकाने पर छापा मारा है।
पहले भी प्रदीप यादव के आवास पर पड़ी थी रेड
बता दें, इससे पहले 4 नवंबर 2022 को आयकर विभाग की टीम ने प्रदीप यादव और उनके करीबियों के ठिकानों पर छापेमारी की थी। इनके निजी सहायक देवेंद्र पंडित, विधायक से जुड़े संवेदक श्यामाकांत यादव के तीन ठिकानों पर छापा मारा था। आयकर विभाग के अधिकारी प्रदीप यादव के सरकंडा स्थित आवास, उनके पैतृक आवास पोड़ैयाहाट के बोहरा गांव और प्रदीप यादव के निजी सहायक के सरकंडा स्थित आवास पर रेड मारी थी। वहीं प्रदीप के करीबी माने जानेवाले संवेदक श्यामाकांत यादव के गोड्डा स्थित आवास, होटल स्काय ब्लू व पोड़ैयाहाट के डांडै गांव में भी आयकर के अधिकारी पहुंचकर छापेमारी की थी। आयकर विभाग द्वारा दिये गये रिपोर्ट के आधार पर अब ईडी की टीम छापेमारी कर रही है।









