निरसा (धनबाद) : चिरकुंडा थाना अंतर्गत मंडल लेबोर्ट्री के पीछे बुधवार की सुबह एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की खबर क्षेत्र में जंगल की आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते वहां लोगों का हुजूम लग गया।
घटना की सूचना मिलते ही चिरकुंडा पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की तफ्तीश में जुट गई। मृतक के परिजनों को भी सूचना जैसे ही मिली वैसे ही वे लोग भी घटनास्थल पहुंचे। जैसे ही उन्होंने मृतक को देखा वह लोग फूट फूट कर रोने लगे। पूछताछ के दौरान मृतक की बहन ने बताया कि मृतक उसका भाई है। उसका नाम अजय रविदास है और वह पेशे से राज मिस्त्री का काम करता है। वह लोग चिरकुंडा थाना क्षेत्र के सोनारडंगाल में रहते हैं।
मृतक की बहन ने कहा कि उसका भाई रोजाना शराब पीता था। आए दिन किसी ना किसी के साथ झगड़ा करता रहता था। कल सुबह वह घर से गया तो वापस लौट कर नहीं आया। काफी खोजबीन की लेकिन कुछ पता नहीं लगा। आज सुबह घटना की जानकारी मिली। मृतक के शरीर पर चोट के निशान को देखते हुए उसे शक है कि किसी ने दुश्मनी में उसे मार कर फेंक दिया है।
इधर पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा।









