रांची : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री व बीजेपी विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने एक बार फिर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर हमला बोला है। बाबूलाल मरांडी ने मंगलवार को ट्वीट करते हुए लिखा, जमशेदपुर में मंदिरों पर हमले का प्रतिकार करने वाले रामभक्तों पर हेमंत सरकार कहर बरपा रही है। स्थानीय मंत्री के दबाव में जबरी मामला बनाया गया और पीड़ितों को ही दंगाई बताया गया।
पुलिस बदले की भावना से हिंदु नेताओं को कर रही परेशान
बीजेपी नेता बाबूलाल मरांडी ने ट्वीट में आगे लिखा कि, जिन दंगाइयों ने रामनवमी के पुण्य अवसर पर मंदिरों पर हमले किए उनपर हुजूर बहुत मेहरबान हैं। पूर्वाग्रह से ग्रस्त जमशेदपुर की पुलिस बदले की भावना से हिन्दुवादी नेताओं को परेशान कर रही है। बदले की यह राजनीति बहुत घातक सिद्ध होगी। हिंदू समाज के प्रतिनिधियों को प्रताड़ित करने से हिंदुओं का हौसला नहीं टूटेगा। हिंदू विरोध की यह राजनीति एक दिन जमीदोंज होगी।
9 अप्रैल को हुआ था बवाल, 61 लोगों को किया गया था गिरफ्तार
गौरतलब है कि जमशेदपुर में कदमा के शास्त्री नगर ब्लॉक-3 और 2 में 9 अप्रैल को 3 घंटे तक बवाल हुआ था। उस दिन शाम 6 बजे अचानक हथियार से लैस होकर एक समुदाय के लोग पीपलधारी जटाधारी मंदिर पर पहुंच गए थे। इन सभी का चेहरा ढका हुआ था। मंदिर पहुंचते ही इन लोगों ने वहां रखी कुर्सियां तोड़नी शुरू कर दी। इसके साथ ही मंदिर कमेटी के लोगों के साथ मारपीट की। इसके बाद दोनों पक्ष के लोग आमने-सामने हो गए। थोड़ी देर बाद फायरिंग होने लगी और दोनों ओर से ईंट-पत्थर चलने लगे। स्थिति को नियंत्रण में करने पुलिस पहुंची तो उन पर भी हमला किया गया। माहौल शांत होते ही सोमवार को पुलिस ने 61 लोगों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।










