चाईबासा : अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक कॅम्पा के संजीव कुमार ने चाईबासा वन प्रमण्डल का भ्रमण किया। जामपानी में आस-पास के ग्रामीणों एवं वन सुरक्षा समिति के सदस्यों के साथ बैठक की।
बैठक के बाद ग्रामीणों के द्वारा जल संचयन की योजना की मांग की गई तथा हाथियों की समस्याओं से अवगत कराया गया। संजीव कुमार ने ग्रामीणों से वन विभाग द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के सम्बन्ध में जानकारी दी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा की हाथी बहुल क्षेत्र में कोरीडोर में गैर वन भूमि पर जंगली जानवरों की दृष्टि से फलदार वृक्ष, बांस इत्यादि लगाए जायेंगे। गैर मजरूआ जमीन की उपलब्धता पर उन्होंने जोर दिया।
उन्होंने लघु वन पदार्थ पर आधारित वृक्षारोपण, योजना जैसे- रेशम, लाह, चिरौंजी, महुआ इत्यादि से आमदनी प्राप्त हो सकती है। इसके लिये समूह बनाने का आग्रह किया। प्रत्येक पीएफ में जल संचयन की योजना आम लोगों की भागीदारी से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। छोटे-छोटे नाले को ट्रीट करने से जल स्तर बढ़ेगा। वन सुरक्षा समिति की बैठक नियमित रूप से करने पर उन्होंने आग्रह किया तथा ग्रामीणों को बैठक की कार्यवाही की एक प्रति डीएफओ को उपलब्ध कराएँ।
प्रत्येक गांव में सजग ग्रामीणों का एक समूह बनाया जाए तथा उन्हें प्रशिक्षण कराया जाएगा। ग्रामीणों को वन से जोड़ने के लिये वृक्ष रक्षा बन्धन का कार्यक्रम भी किया गया। वृक्ष रक्षा बन्धन के कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश है कि वृक्षों तथा प्रकृति को बचाने का सभी संकल्प लें।










