जमशेदपुर : घाटशिला अनुमंडल के मुसाबनी प्रखंड के कंपनी क्वार्टर में अवैध कब्जा को लेकर दो गुटों में तनाव बढ़ गया है। इसको देखते हुए प्रशासन ने आज प्रखंड कार्यालय में दो गुटों के बीच में वार्ता आयोजित कर मामले का समाधान करने का प्रयास किया। इस मामले में प्रशासन ने कंपनी क्वार्टर को अपने कब्जे में लेकर ताला लगा दिया है।
अवैध कब्जा को लेकर दोनों गुट से अपने-अपने दावेदारी को पेश करने को कहा गया, ताकि सही निर्णय लिया जा सके। बता दें कि मुसाबनी में इन दिनों खाली पड़े कंपनी क्वार्टर जो अभी झारखंड सरकार के अधीन है उस पर भू माफिया द्वारा अवैध रूप से बेचा जा रहा है। उस पर भवन का निर्माण भी अवैध रूप से किया जा रहा है। जिसको लेकर आए दिन क्षेत्र में अशांति बनी रहती है। इसको लेकर अंचल अधिकारी ने साफ तौर पर कहा कि जितने भी अवैध निर्माण क्षेत्र में किया जा रहा है और किया गया है उनको प्रशासन की ओर से जल्द ही तोड़ दिया जाएगा।










