चतरा : हंटरगंज थाना क्षेत्र के केदली गांव से आए बारातियों की खुशी गम में तब्दील हो गई। हुआ यह की बारात विदा होते ही लोग केदली लौट रहे थे इसी क्रम में बगरा लमता मुख्य पथ स्थित लावालोंग मुख्य द्वार के समीप सवारी गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। इस घटना में गाड़ी पर सवार डेढ़ दर्जन बाराती गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से उपचार के लिए सदर अस्पताल चतरा में भर्ती कराया गया। जहां सभी का इलाज किया जा रहा है।
गंभीर रूप से घायल आधे दर्जन बारातियों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर उपचार के लिए हजारीबाग मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। बताया जाता है कि शादी समारोह सिमरिया थाना क्षेत्र के बगरा मोड़ स्थित शिव मंदिर में आयोजित थी। लड़की के विदा होते ही लोग घर वापस लौट रहे थे। इसी क्रम में गाड़ी अनियंत्रित हो गई और पलट गई। जिसमें डेढ़ दर्जन बाराती घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है।










