रांची : झारखंड में इन दिनों बिजली की कटौती बहुत हो रही है। भीषण गर्मी में राज्य की जनता को 10 घंटे भी बिजली नहीं मिल रही है। जिसको लेकर राजनीतिक बयानबाज़ी तेज हो गयी है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को घेरते हुए कहा कि जब सीएम हेमंत प्रतिपक्ष के नेता थे तो उस समय रघुवर पर निशाना साधते थे। 23 जुलाई, 2018 को सीएम हेमंत ने ट्वीट करके कहा था कि राज्य में बिजली की त्राहिमाम स्थिति है।’ सिर्फ 10 घंटे बिजली रहती है। आम जनता त्रस्त है।
लेकिन लगता है मुख्यमंत्री बनते उनकी यादाश्त कमजोर हो गई है। अब यह ‘हाथी के दांत’ वाली कहावत को सिद्ध कर रहे हैं। जब प्रतिपक्ष में थे तो कुछ और नसीहत देते थे। लेकिन जब से मुख्यमंत्री पद पर हैं, वो अपनी बातों को भूल गए हैं। आज प्रदेश में बिजली की भयावह स्थिति है। बमुश्किल 2-4 घंटे बिजली रहती है। लेकिन मुख्यमंत्री और उनका तंत्र इसे सुधार पाने में असफल रहा है।










