Tamil Nadu Politics: डीएमके सरकार के मंत्री सेंथिल बालाजी की ईडी द्वारा गिरफ्तारी से राज्य की सियासत गरमा गई है। गिरफ्तारी को लेकर स्टालिन ने भाजपा पर निशाना साधा है। इसी पर तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष के अन्नामलाई ने गुरुवार को पलटवार किया। उन्होंने कहा कि पहले खुद ही जांच करने की कहते हैं, फिर सीबीआई द्वारा जांच के लिए सामान्य सहमति वापस लेने का आदेश देते हैं।
बालाजी की गिरफ्तारी पर राजनीति
अन्नामलाई ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री एमके स्टालिन की भाजपा के खिलाफ आलोचनात्मक टिप्पणी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सीएम एक ‘साधारण मंच वक्ता’ की तरह बात करते हैं। वहीं, तमिलनाडु सरकार के केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को अब तक दी जा रही सामान्य सहमति को वापस लेने पर भी सवाल उठाया।
सीएम स्टालिन ने भाजपा को दी थी चेतावनी
गौरतलब है, डीएमके अध्यक्ष स्टालिन ने हाल ही में भाजपा को चेतावनी दी थी। उन्होंने कहा था कि पार्टी और उसके कार्यकर्ताओं को भड़काने के अपने नतीजे हो सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा था कि यह धमकी नहीं चेतावनी है। इस पर अन्नामलाई ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि ‘Daring Someone’ यानी किसी की हिम्मत जैसे शब्द सामान्य मंच वक्ताओं द्वारा भीड़ को जोड़े रखने के लिए उपयोग किए जाते हैं।
मुख्यमंत्री स्टालिन तय करें कि वे क्या हैं?
उन्होंने कहा कि स्टालिन मुख्यमंत्री हैं। उन्हें यह तय करना होगा कि वे 8.5 करोड़ तमिल लोगों के मुख्यमंत्री हैं या अपने परिवार और अपने आसपास के एक छोटे से घेरे के लिए। साथ ही उन्हें इस पर विचार करना चाहिए कि क्या इस तरह से बोलना उनके पद के लिए उपयुक्त है या नहीं। भाजपा नेता ने कहा कि सन 1949 में स्थापित डीएमके वर्षों से सत्ता और विपक्ष में रही है।










