रांची : सीएम हेमंत सोरेन नवनियुक्त पंचायत सचिवों को नियुक्ति पत्र बांटेंगे। लगभग 1632 पंचायत सचिवों के बीच 22 जून को नियुक्ति पत्र का वितरण किया जायेगा। इसको लेकर मोरहाबादी मैदान में तैयारी की जा रही है।
सचिव राजीव अरूण एक्का ने उपायुक्तों को लिखा पत्र
सीएम हेमंत सोरेन के कार्यक्रम को लेकर पंचायती राज विभाग के सचिव राजीव अरूण एक्का ने नियुक्ति पत्र वितरण समारोह के लिए सभी जिलों के उपायुक्तों को पत्र लिखा है। सचिव ने कहा कि वे सुनिश्चित कराएं कि 22 जून को सारे पंचायत सचिव समारोह स्थल में उपस्थित हों। इससे पूर्व सारी कागजी प्रक्रिया भी पूर्ण करने को कहा है।
2017 में ही राज्य कर्मचारी चयन आयोग से इनकी नियुक्ति की अनुशंसा की गयी थी, लेकिन कार्मिक विभाग के एक पत्र की वजह से नियुक्ति रूकी हुई थी। अब विभाग ने सरकार की अनुमति के बाद नियुक्ति पर लगी रोक को हटा दिया है।
पंचायत सचिवों की नियुक्ति से बेहतर होंगे कार्य
इसके बाद ही नियुक्ति की प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है। पंचायत सचिवों की नियुक्ति होने के बाद पंचायत सचिवालय के कार्य बेहतर होंगे। पंचायती राज, सहित ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं का क्रियान्वयन उचित तरीके से हो सकेगा।










