रांची : राजधानी रांची में फ्लाईओवर निर्माण का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है और इसके तहत कार्य में बाधा बन रहे बिजली के खंभों को हटाया जाएगा। बता दें कि फ्लाईओवर का निर्माण निश्चित समय पर पूरा करने के लिए उन सभी अवरोधों को हटाया जाएगा जो कार्य में बाधा बन रहे हैं।
हटाए जाएंगे बिजली के खंभे और ट्रांसफार्मर
फ्लाईओवर के निर्माण कार्य में रास्ते में आने वाले ट्रांसफार्मर बिजली के खंभे और ओवरहेड तारों को हटाया जाएगा। झारखंड विद्युत वितरण निगम द्वारा इस महीने के अंत तक उन सभी बिजली के खंभों और ट्रांसफार्मरों को हटा दिया जाएगा जो फ्लाईओवर के मार्ग में आ रहे हैं। जुडको परियोजना के निदेशक अरविंद कुमार मिश्र की अध्यक्षता में विद्युत निगम के अधिकारियों के साथ बैठक हुई, जिसमें कहा गया कि फ्लाईओवर का निर्माण सही समय से करने के लिए हर संभव कोशिश की जा रही है।
बैठक में दी गई कार्यों की जानकारी
विद्युत निगम की इस बैठक में बिजली की यूटिलिटी और अन्य विद्युत उपकरणों की शिफ्टिंग के कार्य में तेजी लाने को लेकर निर्देश जारी किया गया। साथ ही बताया गया कि बहु बाजार चौक और शांति नगर के निकट पुराने बिजली के यूटिलिटी को हटाने का कार्य भी इस महीने तक कर लिया जाएगा। इस बैठक में जुड़ को की ओर से फ्लाईओवर कार्य कराने वाली टीम द्वारा बिजली विभाग के अधिकारियों को सभी अवरोध वाले स्थानों की जानकारी दी गई।









