बोकारो : बोकारो स्टील प्लांट के अंदर लक्ष्मी कंस्ट्रक्शन ठेका कंपनी में काम करने वाले मजदूर कमलेश साव की 16 जून 2023 को ड्यूटी के दौरान तबीयत बिगड़ गयी थी, जहां प्लांट हॉस्पिटल ले जाया गया, लेकिन उसकी तबीयत और बिगड़ने की बात कहकर बोकारो जनरल अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां वेंटिलेटर पर उसका इलाज चल रहा था। लेकिन 23 जून 2023 की रात उसकी मौत हो गई। जिस पर मृतक के परिजनों ने ठेका कंपनी और सेल प्रबंधन की मिलीभगत से इसे नेचुरल डेथ बताने की बात कह मामले को लीपापोती करने का आरोप लगाया है।
परिजनों का कहना है एक्सीडेंटल केस छिपाने का काम किया जा रहा है। जबकि मृतक के शरीर के कई अंगों पर चोट के निशान हैं। जिसे नजरअंदाज किया गया। मृतक प्लांट के अंदर स्ट्रक्चर शॉप में काम करता था। 16 जून को कार्य के दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे प्लांट अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टर रिपोर्ट में विथ नो हिस्ट्री ऑफ इंजरी लिख दिया। जो सरासर गलत है।
मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने नियोजन की मांग को लेकर बोकारो जनरल अस्पताल के समक्ष धरना पर बैठे। उनका कहना है कि जब तक नियोजन पर प्रबंधन बात नहीं करती हम लोग मृत शरीर को नहीं उठाएंगे। आपको बता दें कि मजदूर की मौत को लेकर प्लांट के अंदर भी धरना प्रदर्शन किए जाने की बात कही जा रही है।









