रांची. झारखंड में गुरुवार को दोपहर बाद बारिश और कहीं-कहीं वज्रपात होने का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान में बताया है कि रामनवमी के मौके पर राजधानी रांची सहित आसपास के इलाकों में दोपहर बाद बादल छाएंगे और हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी। 31 मार्च और 1 अप्रैल को भी राजधानी रांची सहित आसपास के जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात और बारिश होगी। इस दौरान कहीं-कहीं ओलावृष्टि की भी आशंका है।
रांची मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया है कि गुरुवार को दोपहर के बाद बदला मौसम का मिजाज, 1 अप्रैल तक अपना असर दिखाएगा। बताया जाता है कि बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर और लोकल सिस्टम की वजह से मेघगर्जन होगा। वज्रपात के साथ बारिश और ओलावृष्टि भी होगी। गुरुवार को दोपहर बाद बारिश होने से रामनवमी के रंग में थोड़ा भंग पड़ने की आशंका है।
मौसम विभाग ने राज्यवासियों से अपील की है कि वे मौसम के बदले मिजाज में सतर्क रहें। बारिश और वज्रपात के दरम्यान घरों से ना निकलें। वहीं, बदलते मौसम में स्वास्थ्य का ध्यान रखने की सलाह भी दी गई है। राजधानी में 2 अप्रैल से आसमान साफ होगा। तीखी धूप खिलेगी। शुष्कता रहेगी।