गोपालगंज : जिला में ताजिया जुलूस के दौरान बड़ा हादसा हो गया। यहां बिजली का करंट लगने से 8 लोग झुलस गए हैं। इस दौरान जुलूस में भगदड़ मच गई। घटना उचकागांव थाना क्षेत्र के हरपुर धर्म चक गांव की है। सभी घायलों को गोपालगंज सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है। अब पीड़ितों की हालत सामान्य है।
बताया जाता है कि मुहर्रम पर्व को लेकर शुक्रवार को उचकागांव थाना क्षेत्र के हरपुर के धर्म चक टोला में ताजिया का जुलूस निकाला गया था। जुलूस के दौरान ऊपर से गुजर रही बिजली के तार में हरे बांस और कुछ पेड़ की टहनियों के छूने से करंट आ गया, जिससे भीड़ में शामिल 8 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। बिजली का करंट आने से जुलूस में भगदड़ भी मच गई।
क्या बोले गोपालगंज एसपी ?
गोपालगंज एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि गोपालगंज में मोहर्रम को लेकर जगह-जगह पर ताजिया का जुलूस निकाला जा रहा है। उचकागांव के हरपुर के धर्म चक गांव में भी लोगों की ओर से जुलूस निकाला गया था। कुछ लोग हाथ में हरे बांस और पेड़ की टहनियों को लेकर जुलूस में शामिल थे। हरे बांस और पेड़ की टहनियां ऊपर से गुजर रहे बिजली की तार में छू गयी। बिजली के तार में छूने से भीड़ में करंट आ गया। इस करंट से 8 लोग झुलस गए। हलांकि की सभी लोगों की हालत सामान्य बनी हुई है।
सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में चल रहा इलाज
एसपी ने बताया कि उचकागांव पुलिस मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को गोपालगंज सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया है। फिलहाल घायलों की स्थिति सामान्य है। एसपी ने कहा कि घटना को लेकर बिजली विभाग को भी सूचना दे दी गई है। ताजिया के दौरान अब पावर कट के बाद ही जुलूस निकाला जाएगा। बहरहाल, गोपालगंज सदर अस्पताल में घायलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़ पड़े हैं।