पदमा (हजारीबाग) : जिले के पदमा प्रखंड स्थित रोमी गांव के पास दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां एक सुमो विक्टा गाड़ी बाइक को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे कुएं में जा गिरी। इस हादसे में एक बच्ची समेत 6 लोगों की मौत होने की सूचना मिल रही है। वहीं तीन लोग घायल हो गए हैं। जिस वक्त यह हादसा हुआ उसी वक्त स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। काफी मशक्कत के बाद वाहन को बाहर निकाल लिया गया। वहीं डूबे लोगों को भी निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
क्रेन के माध्यम से निकाला गया वाहन
गाड़ी को निकालने के लिए एनएचएआई (भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) की मदद ली गई। क्रेन के माध्यम से वाहन को निकाला गया है। घटना करीब दोपहर 2ः00 बजे की बतायी जा रही है। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। भारी बारिश के बीच ग्रामीण लोगों को बचाने में जुट गए। दो लोगों को जैसे-तैसे बाहर भी निकाला गया है, जिन्हें अस्पताल भेजा गया। इसमें एक की मौत हो गई है। एनएचएआई की मदद से पुलिस राहत काम में लगी हुई है।
दरभंगा से हजारीबाग आ रहे थे सभी लोग
जानकारी मिली है कि सुमो विक्टा में सवार होकर दरभंगा से बरही होते हुए हजारीबाग आ रहे थे। इसी दौरान एक बाइक को बचाने के चक्कर में एनएच 31 रोमी के पास अनियंत्रित होकर वाहन कुएं में रेलिंग को तोड़ते हुए गिरा। हादसे के शिकार लोग सभी हजारीबाग के मंडई के रहने वाले थे। एक पूजा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दरभंगा गए थे।










