रांची : पीएलएफआई सुप्रीमो दिनेश गोप को झारखंड पुलिस ने रांची लेकर पहुंच गई है। भारी सुरक्षा के बीच दिनेश गोप को रांची लाया गया है। पुलिस ने स्पेशल विमान से 25 लाख के इनामी नक्सली को बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर लाया, जहां भारी संख्या में पुलिस की तैनाती की गई थी। झारखंड पुलिस और एनआईए की संयुक्त कार्रवाई में कुख्यात नक्सली दिनेश गोप की गिरफ्तारी नेपाल में हुई थी। इसके बाद उसे दिल्ली लाया गया, जहां उसे कोर्ट में पेश किया गया। उसके बाद उसे रांची लाया गया। इसकी गिरफ्तारी राज्य की पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि है।
दिनेश गोप पर झारखंड पुलिस ने 25 लाख का इनाम रखा था वहीं एनआईए ने 5 लाख का इनाम घोषित किया था। पुलिस को लंबे समय से इसकी तलाश थी। कुख्यात दिनेश गोप पर दर्जनों हत्या, लूट के मामले दर्ज हैं। पुलिस की पूछताछ में कई राज खुलेंगे और कई सपेदपोशों का पर्दाफाश होने की संभावना है।
पुलिस- एनआईए ने नेपाल में ज्वाइंट ऑपरेशन चलाकर दबोचा
झारखंड पुलिस और एनआईए ने ज्वाइंट ऑपरेशन चलाकर प्रतिबंधित नक्सली संगठन पीएलएफआई के सुप्रीमो दिनेश गोप को गिरफ्तार किया है। उस पर कुल 30 लाख रुपये का इनाम था। इस शख्स ने पिछले दो दशक से झारखंड सहित अलग-अलग राज्यों में आतंक मचा रखा था। झारखंड में उस पर करीब 150 मुकदमे दर्ज हैं। नेपाल से गिरफ्तार दिनेश गोप को पहले दिल्ली लाया जायेगा। वहां से उसे रांची लाया जायेगा।
नेपाल में वेश बदलकर रह रहा था पीएलएफआई सुप्रीमो
झारखंड पुलिस की नाक में दम कर देने वाले दुर्दांत नक्सली दिनेश गोप ने नेपाल में अपना वेश बदल लिया था। वह सरदार यानी पंजाबी के वेश में नेपाल में छिपकर रह रहा था। झारखंड में कई बार सुरक्षा बलों ने उसे घेरा, लेकिन हर बार वह बच निकलने में कामयाब रहा। कई बार मुठभेड़ में भी घिरा, लेकिन सुरक्षा बलों से जान बचाकर भाग निकला। पिछले काफी दिनों से वह नेपाल में छिपकर रह रहा था। आखिरकार शनिवार देर शाम दिल्ली की एनआईए की स्पेशल टीम ने झारखंड पुलिस की मदद से उसे धर दबोचा।
टेरर फंडिंग समेत कई संगीन आरोप
दिनेश गोप पर कई संगीन आरोप हैं। सुरक्षा बलों पर हमला करने के अलावा उस पर लेवी वसूलने, लेवी के लिए ठेकेदारों-व्यापारियों को धमकी देने और उन्हें डराने-धमकाने के भी आरोप हैं। इतना ही नहीं, दिनेश गोप पर टेरर फंडिंग के भी आरोप हैं। टेरर फंडिंग मामले में ही एनआईए ने उसके खिलाफ जांच शुरू की थी। बता दें कि वर्ष, 2020 में ही एनआईए ने दिनेश गोप की दोनों पत्नियों हीरा देवी और शकुंतला कुमारी को गिरफ्तार किया था।









