रांची : कैश कांड में फंसे विधायक इरफान अंसारी, नमन विक्सल कोंगाड़ी और राजेश कच्छप की घर वापसी हो गई है। इन तीनों विधायकों का निलंबन मुक्त कर दिया गया है। इसकी घोषणा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने की है। बताया जाता है कि तीनों विधायकों का पक्ष सुनने के बाद प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कांग्रेस में शामिल होने का फैसला लिया है।
प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने घोषणा करते हुए कहा कि झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं विधायक दल की अनुशंसा पर कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे ने तीनों विधायकों का निलंबन वापसी पर मुहर लगा दी है। वहीं विधायक दल नेता आलमगीर आलम ने निलंबन वापसी पर कहा कि कुछ प्रक्रिया थी उसका पालन किया जा रहा था। हमलोग सब एक साथ हैं। इस दौरान विधायकों ने प्रदेश कांग्रेस का आभार जताया, साथ ही आलाकमान को धन्यवाद दिया।
बता दें कि पिछले साल पश्चिम बंगाल में 49 लाख रुपए के साथ तीनों विधायकों को बंगाल पुलिस ने गिरफ्तार किया था। जिसके बाद कांग्रेस ने तीनों विधायकों रांची के खिजरी विधायक राजेश कच्छप, सिमडेगा के कोलेबिरा विधायक नमन विक्सल कोंगारी और जामताड़ा विधायक इरफान अंसारी को कांग्रेस ने पार्टी से निलंबित कर दिया था। वहीं कुमार जयमंगल उर्फ अनूप सिंह ने अरगोड़ा थाना में जीरो एफआईआर दर्ज करायी थी। इसके बाद ये मामला हाईकोर्ट पहुंचा और स्पीकर के न्यायाधिकारण में पहुंचा था। स्पीकर कोर्ट में कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने शिकायत दर्ज करायी थी। वहीं तीनों विधायकों की घर वापसी होने पर जश्न का माहौल देखा जा रहा है।










