बुंडू (रांची) : जिला के बुंडू थाना क्षेत्र से सटे तीन किलो मीटर दूर बारूहातू केचोर बाजार में सुबह 9 बजे अपराधियों ने धान व लाह के कारोबारी रौशन भगत को गोली मारकर घायल कर दिया। यह इलाका घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्र माना जाता है। जानकारी के अनुसार 27 साल के रोशन भगत को 2 गोलियां लगी हैं। उसे इलाज के लिए मेडिका अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। रौशन को गोली पेट व जांघ में लगी है।
एसडीपीओ अजय कुमार ने बताया कि पुलिस को 9ः30 बजे गोलीबारी की सूचना मिली। घटनास्थल पर तुरंत पुलिस पहुंच गई। इसके बाद छानबीन शुरू हुई। सबसे पहले गोली लगने से घायल रौशन भगत को मेडिका अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने कहा कि बाइक से तीन अपराधी आए व पैसे की मांग करने लगे। इसके बाद अपराधियों के साथ रौशन का बकझक हुआ। फिर अपराधियों ने गोली चला दी व उनका गल्ला लूटकर भाग गए। घटनास्थल से एक पिस्टल व खोखो बरामद किया गया है। अपराधियों की धर-पकड़ को लेकर छापेमारी शुरू कर दी गई है। अपराधियों की धर-पकड़ के लिए इलाके में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।










