रांची : जमीन खरीद-बिक्री मामले में न्यूक्लियस मॉल के संचालक विष्णु अग्रवाल बुधवार को ईडी के रांची जोनल ऑफिस पहुंचे। जहां ईडी के अधिकारियों के द्वारा पूछताछ जारी है। इससे पूर्व में विष्णु अग्रवाल को आठ मई को ईडी ने पूछताछ के लिए बुलाया था
मनी लांड्रिंग के तहत ईडी कर रही जांच
बता दें कि जमीन घोटाला मामले में मनी लांड्रिंग के तहत प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) जांच कर रहा है। इस मामले में न्यूक्लियस मॉल के संचालक विष्णु अग्रवाल को ईडी ने समन भेजकर बुलाया गया था। इससे पहले भी विष्णु अग्रवाल आठ मई को ईडी के सामने पेश हुए थे, लेकिन बीमारी की वजह से उन्होंने समय की मांग की थी। ईडी विष्णु अग्रवाल से रांची के पूर्व डीसी छवि रंजन व प्रेम प्रकाश से रिश्ते, विवादित जमीनों की खरीद-बिक्री मामले के अलावा फर्जीवाड़ा करने में सहयोग करने वालों के बारे में जानकारी ले रही है।
चार नवंबर 2022 को ईडी ने विष्णु अग्रवाल के ठिकानों पर मारा था छापा
ईडी ने दस्तावेज में जालसाजी कर जमीन की खरीद-बिक्री के मामले में चार नवंबर 2022 को विष्णु अग्रवाल सहित अन्य लोगों के ठिकानों पर छापा मारा था। ईडी ने जांच में पाया था कि दस्तावेज में जालसाजी कर जमीन की खरीद-बिक्री करने वाले गिरोह ने चेशायर होम रोड स्थित जमीन के मूल दस्तावेज में छेड़छाड़ कर भरत प्रसाद को कागजी मालिक बनाया।
इसके बाद यह जमीन पावर ब्रोकर प्रेम प्रकाश के करीबी पुनीत भार्गव को सिर्फ 1.78 करोड़ रुपये में बेची गयी। विष्णु अग्रवाल ने इस जमीन को पुनित से 1.80 करोड़ रुपये में खरीदी। विष्णु अग्रवाल से मिली 1.80 करोड़ रुपये की राशि में से 1.50 करोड़ रुपये प्रेम प्रकाश के खाते में ट्रांसफर किये गये।










