रांची : रांची में केंद्र की योजना से बन रहे लाइट हाउस प्रोजेक्ट भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई। निमार्ण कार्य पूरा होने से पहले ही लाइट हाउस के निर्माणाधीन बिल्डिंग का एक हिस्सा भरभरा कर गिर गया। यह घटना रविवार की रात करीब 12ः30 बजे की बताई जा रही है।
कहा जा रहा है कि लाइट हाउस के एक ब्लॉक में निर्माण कार्य चल रहा था। उसी समय दूसरे जगह पर निर्माणाधीन लिफ्ट का हिस्सा गिर गया, जब गिरा तब बहुत तेज आवाज हुई। उसके बाद वहां पर लोगों को इसकी जानकारी हुई। बस्ती के लोग भी मौके पर जमा हो गए।

सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने लोगों को खदेड़कर भगाया। इसके बाद, लाइट हाउस का गिरा हुआ मलबा बगल में डंप किया जा रहा है और टूटे हुए हिस्से को पर्दे से ढक दिया गया है।
90 फीसदी से ज्यादा पूरा
बता दें कि रांची लाइट हाउस का काम 90 फीसदी से ज्यादा पूरा हो चुका है और फ्लैटों का आवंटन लॉटरी के जरिए हो गया है। उन फ्लैटों के लिए, जिनके लिए आवेदन नहीं मिले, एक बार फिर से आवेदन करने का मौका दिया गया है। सितंबर तक, आवंटित लोगों को अपने फ्लैट्स को हैंड ओवर करना होगा। लेकिन इस हादसे से पहले ही लाइट हाउस की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं।
झारखंड समेत देश के 6 राज्यों में लाइट हाउस प्रोजेक्ट की पीएम मोदी ने की थी शुरुआत
नगरीय प्रशासन निदेशालय के अधिकारी इस मामले पर अनभिज्ञ हैं। इस मामले में मीडिया ने प्रोजेक्ट इंचार्ज लक्ष्मण कुमार से मिलने या बात करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने इसे मना कर दिया। पीएम मोदी ने गरीबों को रियायती दर पर आशियाना देने के लिए झारखंड समेत देश के 6 राज्यों में लाइट हाउस प्रोजेक्ट की शुरुआत की थी।










