प्रवर्तन निदेशालय ( ईडी) के समन के खिलाफ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सुप्रीम कोर्ट पहुंचे हैं। आज का दिन राज्य के मुख्यमंत्री के लिए बेहद खास है क्योंकि आज हेमंत सोरेन द्वारा दायर रिट पिटीशन पर सुनवाई होनी है। सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश अनिरुद्ध बोस और न्यायाधीश बेला एम त्रिवेदी की पीठ इस याचिका पर सुनवाई करेगी।
सीएम ने की कोर्ट से सुनवाई टालने का आग्रह
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस सुनवाई को टालने का आग्रह किया है। उन्होंने अपने लिखित आवेदन में बताया है कि उनके वकील की अभी तबीयत ठीक नहीं है। उनके वकील खराब तबीयत की वजह से 15 सितंबर को निर्धारित सुनवाई में उपस्थित नहीं हो पायेंगे। उन्होंने कोर्ट से अपील की थी कि सुनवाई के लिए कोई दूसरी तारीफ दी जाए। संभव है कि आज सुनवाई के दौरान हेमंत सोरेन के वकील की अनुपस्थिति को ध्यान में रखते हुए सुप्रीम कोर्ट अगली तारीख दे। ध्यान रहे कि हेमंत सोरेन ने जमीन खरीद बिक्री मामले में इडी द्वारा जारी समन के आलोक के पूछताछ के लिए हाजिर होने के बदले कानूनी रास्ता अपनाया है।
ईडी अब तक जारी कर चुकी है तीन समन
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ईडी एक नहीं अबतक तीन- तीन समन जारी कर चुकी है। ईडी ने सबसे पहले उन्हें 14 अगस्त को पूछताछ के लिए बुलाया था। सीएम ने इडी की इस कार्रवाई पर कड़ा ऐतराज जताया था । उन्होंने इडी को पत्र भेजकर कहा था कि केंद्रीय एजेंसी पिछले एक वर्ष से उन्हें इसलिए परेशान कर रही है कि उनकी सरकार केंद्र सरकार के साथ नहीं है।ईडी द्वारा दूसरा समन भेजकर 24 अगस्त को उन्हें बुलाया तो उन्होंने कानूनी रास्ता अपनाया और जांच एजेंसी ने एक फिर से 9 सितंबर को पूछताछ के लिए बुलाया। आखिरी समन में हेमंत सोरेन ने चिट्ठी भेजकर मामला सुप्रीम कोर्ट में होने की बात कही थी।










