रांची : सीएम हेमंत सोरेन सोमवार को ईडी के दफ्तर नहीं जाएंगे. सीएम ने एक हफ्ते का समय मांगा है. बता दें कि सीएम को ईडी ने समन भेजकर सोमवार 14 अगस्त को पूछताछ के लिए दफ्तर बुलाया था. हालांकि इसको लेकर अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गयी है. बताया जा रहा है कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम को देखते हुए उन्होंने ईडी से समय की मांग की है। ईडी की ओर से उनके अनुरोध का जवाब दिया गया है या नहीं इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। हालांकि उनके ईडी कार्यालय जाने को लेकर पूर्व से संशय की स्थिति बनी हुई थी।
जमीन घोटाले मामले में पूछताछ के लिए समन जारी
दरअसल, हेमंत सोरेन (Hemant Soren) को ED ने जमीन घोटाले मामले में पूछताछ के लिए समन जारी किया था. 14 अगस्त को सुबह 10:30 बजे उन्हें रांची में ED कार्यालय आने उनको कहा गया था, लेकिन अब वह ईडी के सामने पेश नहीं होंगे. जानकारी के मुताबिक सीएम सोरेन जांच एजेंसी से आगे के लिए समय मांग सकते हैं. गौरतलब है कि हेमंत सोरेन को यह समन ईडी से जुड़े जमीन घोटाले के ईसीआईआर संख्या 25/23 में किया गया है. जानकारी के मुताबिक, ईडी ने रांची में जमीन घोटाले से जुड़े मामले में 9 फरवरी और 15 फरवरी को बड़गाई अंचल का सर्वे किया था. इसके अलावा कोलकाता के रजिस्ट्रार आफ इंश्योरेंस कार्यालय का भी सर्वे किया गया था.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन व उनके परिवार पर कब्जे का आरोप
रांची में ईडी ने जांच में ऐसी कई आदिवासी प्रकृति की जमीनों को चिन्हित किया है, जिस पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन व उनके परिवार का कब्जा रहा है. ईडी ने इस मामले में ईसीआईआर 25/23 दर्ज किया है. जानकारी के मुताबिक, ईडी ने ऐसी कई जमीनों की जानकारी जुटाई है, जिसका विवरण चुनावी हलफनामे में नहीं है.










