रांची. ओडिशा के बालासोर में ट्रेन हादसे में अब तक 233 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं सैकड़ों लोग घायल हैं। इस हादसे पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दुख प्रकट किया है। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की भी कामना की है। वहीं, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भी इस घटना पर दुख जताया है।
सीएम हेमंत सोरेन ने दुर्घटना पर दुख जताते हुए ट्वीट किया, ‘ओडिशा के बालासोर जिले में बहानागा रेलवे स्टेशन के समीप कोरोमंडल एक्सप्रेस ट्रेन के दुर्घटनाग्रस्त होने की हृदयविदारक घटना से मन आहत है। परमात्मा दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारजनों को दुःख की यह विकट घड़ी सहन करने की शक्ति दे। दुर्घटना में घायल लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूँ।’
जानकारी के अनुसार ओडिशा के बालासोर में शुक्रवार शाम को यह हादसा हुआ। यहां पर तीन ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त हो गयी। कोलकाता से चेन्नई जा रही कोरोमंडल एक्सप्रेस और यशवंतपुर-हावड़ा एक्सप्रेस बहानगा के पास डिरेल हो गई। इसके बाद कोरोमंडल ट्रेल एक मालगाड़ी टकरा गई। हादसे के बाद अभी भी राहत और बचाव कार्य जारी है। मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।










