
सीएम हेमंत सोरेन को एक बार फिर ईडी ने नोटिस भेजा है। लैंड स्कैम मामले में यह दूसरा समन भेजा है। ईडी ने भेजे समन में हेमंत सोरेन को 24 अगस्त को ईडी के रांची जोनल ऑफिस में उपस्थित होने को कहा है। इससे पहले आठ अगस्त को भी ईडी ने सीएम हेमंत सोरेन को समन भेजकर 14 अगस्त को उपस्थित होने को कहा था। पर वे ईडी ऑफिस नहीं गए थे। उन्होंने ईडी को चिट्ठी लिखकर कहा था कि समन वापस ले। मैं कानूनी सलाह ले रहा हूं। सीएम ने ईडी को लिखे पत्र में कहा था कि आपका इस मामले में किया गया समन गैर कानूनी है। वे कानूनी सलाह लेकर ही आगे बढ़ेंगे।
मुख्यमंत्री ने ईडी को चिट्ठी लिखकर आगे कहा कि 14 अगस्त को आपके सामने पेश होने के लिए मुझे जान-बूझकर समन भेजा गया है। आप और आपके राजनीतिक आका इस बात से पूरी तरह परिचित हैं कि झारखंड के मुख्यमंत्री होने के नाते मुझे 15 अगस्त को 77वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराना है।
स्वतंत्रता दिवस समारोह एक सप्ताह पहले से शुरू हो जाता है और 14 अगस्त समारोह के लिए एक महत्वपूर्ण दिन है। इस दिन कई बैठकें पूर्व निर्धारित होती हैं। यह न केवल मेरा बल्कि झारखंड राज्य और यहां के लोगों की प्रतिष्ठा को धूमिल करने और लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित सरकार को अस्थिर करने की योजना का हिस्सा है।









