रांची : CM हेमन्त सोरेन ने पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों और उग्रवादियों के बीच मुठभेड़ में झारखंड जगुआर के शहीद पुलिस सब इंस्पेक्टर अमित तिवारी जी और हवलदार गौतम कुमार जी के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। माननीय राज्यपाल और माननीय मुख्यमंत्री ने शहीदों के शोक संतप्त परिजनों और आश्रितों से मिलकर उनका ढाढ़स बंधाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीदों के आश्रितों एवं परिजनों के साथ सरकार सदैव साथ रहेगी। मुख्य सचिव श्री सुखदेव सिंह, गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री अविनाश कुमार और पुलिस महानिदेशक श्री अजय कुमार सिंह समेत कई वरीय पुलिस पदाधिकारियों ने शहीद जवानों के पार्थिव शरीर पर माल्यार्पण कर उनकी शहादत को नमन किया।
राज्य में उग्रवादी घटनाएं अब अंतिम सांसें गिन रही
मुख्यमंत्री ने कहा कि दरअसल राज्य में उग्रवादी घटनाएं अब अंतिम सांसें गिन रही है। उग्रवादियों के खिलाफ पुलिस को लगातार कई बड़ी सफलताएं मिल रही है । ऐसे में हताशा में उग्रवादियों द्वारा पुलिस को निशाना बनाने की कोशिश हो रही है। दो वीर जवानों की शहादत कहीं ना कहीं उग्रवादियों के हताशा में किए गए हमले का ही परिणाम है। दो जवानों का शहीद होना हमारे लिए बहुत ही दुखद है। लेकिन, उग्रवादियों के खिलाफ पुलिस का अभियान और शक्ति के साथ लगातार जारी रहेगा। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि झारखंड जगुआर से संबंधित कुछ समस्याएं संज्ञान में आई है और इसका जल्द निराकरण होगा।

नक्सली गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए हर संभव कदम
मीडिया से बात करते हुए सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार नक्सलियों पर नियंत्रण रखने के लिए सभी जरूरी कदम उठा रही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि ‘नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में हमने झारखंड जगुआर के दो जवानों को खो दिया है। राज्य सरकार नक्सली गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए हर संभव कदम उठा रही है। कुछ नतीजे भी मिल रहे हैं। जो घटना हुई है, वह दुर्भाग्यपूर्ण है। दोनों जवानों के परिवारों को सभी जरूरी सहायता दी जाएगी। साथ ही झारखंड जगुआर की सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।’

मुठभेड़ में सब-इंस्पेक्टर अमित और कांस्टेबल गौतम शहीद
पश्चिम सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने बताया था कि, ‘नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में सब-इंस्पेक्टर अमित तिवारी और कांस्टेबल गौतम कुमार नामक दो जवान शहीद हो गए।’ उन्होंने बताया कि इलाके में शीर्ष नक्सलियों की मौजूदगी की खुफिया सूचना मिलने पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), कोबरा, झारखंड जगुआर फोर्स और जिला सशस्त्र पुलिस के संयुक्त दल ने व्यापक पैमाने पर तलाश अभियान शुरू किया था। उन्होंने बताया कि सुरक्षाकर्मियों को आते देख नक्सलियों ने उन पर गोलियां चलायी, जिसके बाद हुई मुठभेड़ में दो जवानों की मौत हो गयी।
ये भी पढ़े – सीएम हेमंत सोरेन की ईडी को दो टूक, बोले – ED समन वापस ले नहीं तो होगी कानूनी कार्रवाई










