Desk. प्रदर्शन कर रहे पहलवानों पर पुलिस कार्रवाई का समर्थन करते हुए पूर्व आईपीएस अफसर ने विवादित ट्वीट किया। इस पर पहलवान बजरंग पूनिया भड़क गये। पुनिया ने पूर्व आईपीएस अधिकारी को चुनौती देते हुए कहा कि वह गोली खाने को भी तैयार हैं।
दरअसल, भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण सिंह की गिरफ्तारी को लेकर पहलवान एक महीने से ज्यादा समय से धरना दे रहे है। रविवार को दिल्ली पुलिस जब पहलवानों को हिरासत में ले रही थी, उस समय बजरंग पूनिया ने दिल्ली पुलिस से कहा था कि हमें गोली मार दो।
बजरंग के इसी बयान पर पूर्व आईपीएस एनसी अस्थाना ने लिखा, ‘ज़रूरत हुई तो गोली भी मारेंगे। मगर, तुम्हारे कहने से नहीं। अभी तो सिर्फ कचरे के बोरे की तरह घसीट कर फेंका है। दफ़ा 129 में पुलिस को गोली मारने का अधिकार है। उचित परिस्थितियों में वो हसरत भी पूरी होगी। मगर वह जानने के लिये पढ़ा लिखा होना आवश्यक है। फिर मिलेंगे पोस्टमॉर्टम टेबल पर!’
अस्थाना के ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए बजरंग पूनिया ने लिखा, ‘ये IPS ऑफिसर हमें गोली मारने की बात कर रहा है। भाई सामने खड़े हैं, बता कहां आना है गोली खाने। कसम है पीठ नहीं दिखाएंगे, सीने पे खाएंगे तेरी गोली। ये ही रह गया है अब हमारे साथ करना तो ये भी सही।’









