बाघमारा (धनबाद) : धनबाद जिले के सिनीडीह में रहने वाले आदिवासी शूकर टुडू के पुत्र रवि टुडू की मौत हैदराबाद में हो गयी। मौत की जानकारी मिलने पर मृतक रवि के पिता हैदराबाद पहुंच बेटे के शव को लेकर घर पहुंचे। शव के सिनीडीह पहुंचने पर क्षेत्र में शोक का माहौल हो गया। परिवारवालों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रवि की मौत की सूचना मिलते ही भाजपा बाघमारा विधायक ढुल्लू महतो मृतक के परिजनों से मिलने पहुंचे। परिवार के लोगों को सांत्वना देते हुए हर सम्भव मदद का आश्वासन दिया।
मजदूरी करने गया था हैदराबाद
मृतक के पिता ने कहा कि उसका बेटा हैदराबाद मजदूरी करने गया था। वह वहीं काम करता था। तबियत बिगड़ने पर ट्रेन से घर वापस आ रहा था। रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म में चक्कर खाकर गिर गया। आरपीएफ द्वारा अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उचित इलाज नहीं मिलने के कारण उसकी मौत हो गई।
विधायक ढुल्लू महतो ने हेमंत सरकार पर साधा निशाना
वहीं विधायक ढुल्लू महतो ने कहा कि रवि टुडू हैदराबाद मजदूरी के लिये गया था। तबियत खराब होने से हैदराबाद में मौत हो गयी। झारखंड में हेमंत सरकार स्थानीय लोगों को रोजगार देने में विफल है। यहीं कारण है कि यहां के युवा दूसरे प्रदेश मजदूरी करने जाते हैं और वहां से उन लोगों का शव घर वापस आता है। आउटसोर्सिंग कम्पनी में बाहरी लोग काम कर रहे हैं। आदिवासी दलित का हितैषी बोलने वाले हेमन्त सोरेन के कार्यकाल में आदिवासी दलित दूसरे प्रदेश में नौकरी कर रहे हैं। जहां उनकी मौत हो जा रही है।










