देवघर : श्रावणी मेले के आयोजन से ठीक पहले ऑटो संघ ने रविवार को हड़ताल किया। जिसके कारण लोगों को काफी परेशानी हुई। जसीडीह -देवघर के बीच निर्बाध और सुचारु तरीके से ऑटो की परिचालन को लेकर ऑटो मालिक और चालक अपने संघ के बैनर तले छह सूत्री मांग को लेकर एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल पर बैठे। अचानक हुए इस हड़ताल से जसीडीह रेलवे स्टेशन पर आने -जाने वाले तमाम यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
इस दौरान, यात्री अपने सामान के साथ पैदल सड़क पर इधर उधर जाते हुए नजर आए। उधर हड़ताल पर बैठे ऑटो मालिक और चालक संघ की ओर से कहा गया है कि, अगर जिला प्रशासन और रेल प्रशासन की तरफ से उनकी मांगों पर सहानुभूति पूर्वक विचार नहीं किया गया तो, संघ अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठेगा।
बता दें कि, ऑटो मालिक और चालकों की मांग है कि, बगैर रजिस्ट्रेशन और नाबालिगों द्वारा चलाए जा रहे बैटरी वाले टोटो रिक्शा के जसीडीह रूट पर परिचालन से रोक लगाई जाए। साथ ही ऑटो के लिए देवघर और जसीडीह में स्थाई पड़ाव निर्धारित किया जाए। इसके अलावा संघ की ओर से छह मांग की सूची जिला प्रशासन को सौंपी गई है।









