उपायुक्त गढ़वा, शेखर जमुआर ने आज समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में जनता दरबार का आयोजन किया। जनता दरबार में आए फरियादियों की समस्याएं बारी-बारी से सुनी गई एवं उसके निष्पादन हेतु उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारी को निर्देश दिया। आज के जनता दरबार में भूमि विवाद, अवैध कब्जा, छात्रवृत्ति, राशन कार्ड, राशन वितरण में अनियमितता, पेंशन, आवास, मुआवजा समेत अन्य समस्याओं को लेकर उपस्थित हुए ग्रामीणों की बारी-बारी से उपायुक्त द्वारा समस्या सुनी गई एवं यथाशीघ्र उनके समस्याओं के निराकरण करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को निदेशित किया।

गढ़वा जिले के विभिन्न प्रखंडों यथा- गढ़वा, रमना, सगमा, धुरकी आदि से आये ग्रामीणों ने अपने-अपने संबंधित पीडीएस डीलर पर अनियमित रूप से राशन वितरण करने का आरोप लगाया है। किसी ने दो माह के लिए अंगूठा लगवा कर एक माह का राशन देने का, तो किसी ने राशन वितरण में कटौती करते हुए राशन वितरण करने का आरोप लगाया है। उपरोक्त सभी ग्रामीणों के शिकायत पर तत्काल जिला आपूर्ति पदाधिकारी राजीव रंजन को उपायुक्त द्वारा मौके पर बुलाते हुए समस्याओं के समाधान एवं उचित कार्रवाई हेतु निदेशित किया गया। इसी प्रकार जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए ग्रामीणों में फुलमतिया देवी, सीमा देवी, प्रेमशिला देवी, सुमन देवी, रूपा देवी, कमला देवी, चंपा देवी आदि ने आवास का लाभ दिलाने हेतु आवेदन पत्र समर्पित किया है।
उक्त सभी के आवेदन पत्रों को संबंधित पदाधिकारी से जांच कराते हुए आवास का लाभ देने हेतु निर्देशित किया गया। मेराल प्रखंड के रामनाथ ने धान बिक्री के पश्चात मिलने वाले राशि के शेष बकाया राशि का भुगतान नहीं होने की शिकायत की है। उन्होंने कहा कि मेराल के अरंगी पैक्स में दिनांक 5 फरवरी 2022 को 100 क्विंटल धान का बिक्री किया गया था, जिसके एवज में उन्हें दो किस्तों के जरिए राशि का भुगतान किया गया है परंतु शेष बकाया राशि रह जाने के बावजूद भी अभी तक भुगतान नहीं हो सका है। मामले के निष्पादन हेतु जिला सहकारिता पदाधिकारी एवं जिला आपूर्ति पदाधिकारी को निर्देशित किया गया है। इसके अतिरिक्त अन्य समस्याओं से संबंधित आमजनों से प्राप्त शिकायतों के समाधान हेतु संबंधित पदाधिकारीयों को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया।










