धनबाद : झरिया के जोरापोखर थाना क्षेत्र के जामाडोबा पुटकी मुख्य मार्ग पर एक स्विफ्ट डिजायर अनियंत्रित होकर एक पुलिया के नीचे जा गिरा। स्विफ्ट डिजायर कार में सिर्फ चालक सवार था। मौके पर टाटा कंपनी के सुरक्षा व्यवस्था में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने किसी प्रकार से घायल चालक को बाहर निकाला।
उसके बाद इस घटना की सूचना जोरपोखर थाना को दी गई। सूचना पाकर मौके पर दल बल के साथ जोरापोखर थाना प्रभारी पहुंचे। घायल चालक को पास के ही टाटा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। चश्मदीद ने बताया कि यह घटना रात्रि 1 बजे घटी है। कड़ी मशक्कत के बाद हम लोगों ने घायल चालक को बाहर निकाला। चश्मदीद ने यह भी बताया की हॉस्पिटल में घायल चालक की मौत हो गई। मृतक गोड्डा जिला का रहने वाला है। जिसका नाम गुलजार खान बताया जा रहा है। जो अपने भाई से मिलने जोरापोखर थाना क्षेत्र के फूसबंगाल पहुंचा था। फूसबंगाल से रांची जाने के क्रम में यह घटना घटी है।









