धनबाद : जिला में एक बार फिर वर्चस्व को लेकर दो गुटों में भिड़ंत हो गई। कोयला उठाव के लिए बुधवार को आमने- सामने हुए दो गुटों के बीच कई राउंड फायरिंग हुई। इस दौरान दोनों ओर से पथराव भी किया गया, जिसमें कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना धनसार थाना क्षेत्र के बस्ताकोला कोलियरी स्थिति चांदमारी कोल डंप की है। सूचना पर सीआईएसएफ सहित अलग- अलग पांच थानों की पुलिस मौके पर स्थिति संभाला। इसके बाद पूरा क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील हो गई।
पुलिस को मिला सात खोखा
घटना की सूचना मिलते ही धनसार, झरिया, बैंक मोड़, बोर्रागढ़ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। इसी दौरान सीआईएसएफ के जवानों ने भी मौके पर मोर्चा संभाला। इसके बाद पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। पुलिस को मौके से सात खोखा भी मिला है। फिलहाल स्थिति सामान्य बताया जा रहा है।
कोल उठाव को लेकर दो गुट हुए आमने-सामने
बताया जाता है कि चांदमारी कोल डंप पर बुधवार से ट्रकों में कोयला लोडिंग का काम होना था। इसी कोल उठाव को लेकर दो गुट आमने- सामने हो गए। देखते ही देखते दोनों गुट एक दूसरे पर हमलावर हो गए। इसी दौरान एक गुट ने फायरिंग शुरू कर दी, जिससे भगदड़ मच गयी। इसके बाद दोनों गुट एक दूसरे पर पत्थरबाजी करने लगे, जिसमें कई लोगों के घायल होने की भी बात कही जा रही है।










