रांची : ईडी ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की है। टेंडर कमीशन घोटाले में गिरफ्तार निलंबित चीफ इंजीनियर वीरेंद्र राम की 39.28 करोड़ की चल और अचल संपत्ति को जब्त किया है। बताया जाता है कि ये संपत्ति उनके परिवार सदस्यों के हैं। वीरेंद्र राम के फार्म हाउस, डुप्लेक्स बंगला, फ्लैट, दिल्ली, जमशेदपुर और रांची में जमीन और करीब 36 लाख रुपये के सामूहिक बैलेंस वाले तीन बैंक खाते को कुर्क किया है। जब वे ग्रामीण कार्य विभाग के चीफ इंजीनियर पर थे तब उन्होंने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए 125 करोड़ से अधिक की संपत्ति की थी।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने इसका खुलासा वीरेंद्र राम के ठिकानों पर हुई छापेमारी के बाद किया था। छापेमारी में पता चला था कि उसने टेंडर कमीशन घोटाले में अकूत संपत्ति बनायी थी।
ईडी ने बताया कि एसीबी जमशेदपुर द्वारा दर्ज एफआईआर के आधार पर मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू की थी। जांच में पता चला कि रांची में ग्रामीण कार्य विभाग में मुख्य अभियंता के पद पर तैनात वीरेंद्र कुमार राम ने ठेकेदारों को टेंडर आवंटित करने के एवज में उनसे कमीशन के नाम पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित की थी। इस प्रकार अवैध आय का उपयोग वीरेंद्र कुमार राम और उनके परिवार के सदस्यों द्वारा बहुत ही शानदार जीवन शैली जीने के लिए किया जाता था।