लातेहार : सदर थाना क्षेत्र में तुबेद गांव में दामोदर घाटी परियोजना के द्वारा संचालित कोल माइंस में रात्रि झारखंड लाल टाइगर जेएलटी नामक उग्रवादी संगठन ने धावा बोला और जमकर उत्पात मचाया। उग्रवादियों ने कांटा घर के कंप्यूटर ऑपरेटर, सिक्योरिटी गार्ड, हाइवा चालक के साथ भी जमकर मारपीट की है।इसके साथ ही उग्रवादियों ने चंदवा ब्लॉक के नाजिर रोशन उपाध्याय के कार को भी क्षतिग्रस्त करते हुए उनकी भी पिटाई की है। इस दौरान कोल माइंस में उग्रवादियों ने दहशत फैलाने को लेकर कई राउंड फायरिंग की। इस दौरान सुरक्षा कर्मियों एवं कोलियरी के कर्मचारियों को बंधक बनाकर लगभग दो घंटे तक उन्हें पीटा।
चेतावनी देकर निकल गए उग्रवादी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आधा दर्जन से अधिक की संख्या में हथियारबंद वर्दी धारियों ने जोहार झारखंड, जय झारखंड, झारखंड लाल टाइगर संगठन जिंदाबाद का नारा लगाते हुए कोलियरी कर्मियों को धमकी देते हुए कहा कि बिना संगठन को मैनेज किये, अगर कोलियरी चलता है तो इससे भी बुरा अंजाम भुगतने को तैयार रहने का फरमान जारी किया है।
ग्रामीणों ने बताया कि उग्रवादियों का दस्ता बिना नंबर के दो बोलेरो पर सवार होकर आया था और घटना को अंजाम देकर ये कुंदरी गांव की ओर निकल गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी आशुतोष कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पहुंचकर मामले की जानकारी ली और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।










