पलामू. पुलिस ने पांच लाख के इनामी नक्सली नंदकिशोर यादव को जख्मी हालत में गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार चतरा के लावालौंग में हुई मुठभेड़ में नंदकिशोर भाग निकला था। मुठभेड़ में उसे गोली लगी थी। वह पलामू के पिपराटांड़ और पांकी थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाके में अपना इलाज करवा रहा था। इस दौरान पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। इस दौरान पुलिस ने इंसास समेत कई आधुनिक हथियार बरामद किए हैं।
बता दें कि सोमवार को पलामू-चतरा सीमा पर लावालोंग थाना क्षेत्र में सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। इस मुठभेड़ में माओवादियों के टॉप कमांडर गौतम पासवान, अजीत उर्फ चार्ली समेत पांच नक्सली मारे गए थे। मिली जानकारी के अनुसार इस मुठभेड़ में कई टॉप नक्सलियों को गोली भी लगी थी। नंदकिशोर यादव उर्फ ननकुरिया को भी गोली लगी थी और वह पलामू और पांकी के पिपराटांड़ के सीमावर्ती इलाके में इलाज करवा रहा था।
नंदकिशोर यादव उर्फ ननकुरिया पलामू के पांकी थाना क्षेत्र के केकरगढ़ का रहने वाला है। नंदकिशोर यादव माओवादियों का सब जोनल कमांडर है और झारखंड की सरकार ने उस पर पांच लाख का इनाम रखा हुआ है।