◆ उपायुक्त ने जनसुनवाई के माध्यम से सुनी आमजनों की समस्याएं
◆ प्राप्त शिकायतों के समाधान हेतु संबंधित पदाधिकारियों को किया निदेशित
उपायुक्त गढ़वा पशुपति नाथ मिश्रा ने आज समाहरणालय सभागार में जनसुनवाई का आयोजन किया। जनसुनवाई में आए फरियादियों की समस्याएं बारी-बारी से सुनी गई एवं उसके निष्पादन हेतु उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारी को निर्देश दिया। आज के जनसुनवाई में राशन, पेंशन, भूमि विवाद, अवैध कब्जा, आवास, मुआवजा, योजनाओं का लाभ, अतिक्रमण, रोजगार सृजन, बकाया मजदूरी भुगतान समेत अन्य समस्याओं को लेकर उपस्थित हुए आमजनों की समस्याओं को उपायुक्त द्वारा गंभीरता से बारी-बारी सुनी गई एवं यथाशीघ्र उनके समस्याओं के निराकरण करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को निदेशित किया गया।

उक्त जनसुनवाई में गृह रक्षक भर्ती प्रक्रिया को जल्द शुरू कराने के संबंध में समस्त आवेदकों ने उपायुक्त से आग्रह किया है। आवेदकों ने बताया कि गढ़वा जिला अंतर्गत गृह रक्षक (होम गार्ड) भर्ती हेतु विज्ञापन संख्या 01/2025 जारी किया गया था, जिसके तहत आवेदन करने की तिथि 26-12-2025 से 24-01-2026 तक निर्धारित थी। परंतु काफी समय बीत जाने के बाद भी भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने हेतु प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है, जिससे आवेदकों का मनोबल गिरता जा रहा है।
सदर प्रखंड के महुलिया निवासी इंद्रजीत कुमार ने आवेदन समर्पित करते हुए इस बरसात में अपना मिट्टी का घर गिर जाने की बात कही। उन्होंने बताया कि घर गिर जाने के कारण उन्हें रहने के लिए कोई साधन उपलब्ध नहीं है। वह एक अत्यंत गरीब परिवार से संबंध रखते हैं एवं मजदूरी करके अपना भरण पोषण करते हैं। अतः उन्होंने मामले की आवश्यक जांच कराते हुए सरकारी सहायता के तहत बाबा साहब भीमराव अंबेडकर आवास की स्वीकृति देने का अनुरोध किया है।

सगमा प्रखंड के कटहरकला के ग्रामीणों ने आवेदन समर्पित करते हुए ग्राम शरदा, पंचायत कटहरकला में तेनवाही तालाब का जीर्णोद्धार कराने के संबंध में आवेदन समर्पित किया है। ग्रामीणों ने बताया कि उक्त तालाब का जीर्णोद्धार कर देने से लगभग 22 से 25 एकड़ भूमि में सिंचाई हो सकता है, जिससे आदिवासी अनुसूचित जाति एवं अन्य सभी जातियों के परिवार लाभान्वित हो सकते हैं। यह जनहित में अत्यंत उपयोगी तालाब है।
गढ़वा जिला के कस्तूरबा गाँधी विद्यालयों व झारखंड बालिका आवासीय विद्यालयों के शिक्षकों/शिक्षिकाओं द्वारा राज्य परियोजना निदेशक द्वारा जारी पत्र के अनुसार मानदेय भुगतान करने के संबंध में आवेदन समर्पित किया गया। सभी अंशकालिक शिक्षक/शिक्षिका ने आवेदन देते हुए बताया कि कस्तूरबा विद्यालय के सभी अंशकालिक शिक्षक/शिक्षिका वर्ग 9 से 12वीं में कार्यरत हैं, जिन्हें ₹180 प्रति घंटी की दर से अधिकतम 4 घंटी का ₹720 रुपया प्रति कार्य दिवस मानदेय दिया जाना है। परन्तु अंशकालिक शिक्षक/शिक्षिका द्वारा वर्ग 6 से 12वीं तक 4 घंटी से अधिक शिक्षण कार्य कराया जाता है एवं केवल ₹360 रुपया प्रति कार्य दिवस के दर से मानदेय का भुगतान किया जाता है जो न्याय संगत नहीं है। अतः उन्होंने कस्तूरबा गाँधी विद्यालयों व झारखंड बालिका आवासीय विद्यालयों के अंशकालिक शिक्षकों/शिक्षिकाओं को राज्य परियोजना निदेशक द्वारा जारी पत्र के अनुसार मानदेय भुगतान करने का अनुरोध किया गया।
इसी प्रकार जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए शेष अन्य लोगों ने भी अपनी-अपनी समस्याओं को बारी-बारी से उपायुक्त के समक्ष रखा। आमजनों से प्राप्त शिकायतों के समाधान हेतु उपायुक्त श्री मिश्रा द्वारा संबंधित पदाधिकारीयों को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही संबंधित विभागों के कार्यालय प्रधान को संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ आमजनों से प्राप्त शिकायतों व समस्याओं को निष्पादित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गयें।










