- जनसुनवाई में उपायुक्त ने सुनी आमजनों की समस्याएं, अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश
गढ़वा। आमजनों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया।

जनसुनवाई में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने अपनी व्यक्तिगत एवं जनहित से जुड़ी समस्याओं को उपायुक्त के समक्ष रखा। उपायुक्त श्री मिश्रा ने सभी फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना और संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को मामलों के समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि आमजनों की शिकायतों के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी निर्धारित समय-सीमा के भीतर शिकायतों का निष्पादन सुनिश्चित करें। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित मामलों की स्थलीय जांच कर वास्तविक स्थिति के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई करें।
जनसुनवाई के दौरान राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, भूमि विवाद, अवैध कब्जा, प्रधानमंत्री आवास एवं अंबेडकर आवास, मुआवजा, सरकारी योजनाओं का लाभ, अतिक्रमण, रोजगार, मनरेगा भुगतान एवं बकाया वेतन सहित विभिन्न मामलों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। उपायुक्त ने सभी आवेदनों पर संबंधित विभागों को आवश्यक एवं त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
श्री बंशीधर नगर प्रखंड के ग्राम मर्चवार निवासी प्रियंका कुमारी ने रोजगार उपलब्ध कराने की मांग को लेकर उपायुक्त को आवेदन सौंपा। उन्होंने बताया कि वह तलाकशुदा हैं और वर्तमान में अपने माता-पिता के साथ रह रही हैं। उनकी शैक्षणिक योग्यता इंटरमीडिएट है। पारिवारिक परिस्थितियों के कारण उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने परिवार की जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए जिला प्रशासन के माध्यम से संचालित योजनाओं में रोजगार उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।

खरौंधी प्रखंड के राजी गांव निवासी राशिला देवी ने अपना राशन कार्ड को पुनः चालू कराने की मांग को लेकर उपायुक्त के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि उन्हें मृत घोषित किए जाने के कारण उनका राशन कार्ड बंद कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि वह विधवा हैं और उनके चार छोटे बच्चे हैं। राशन कार्ड बंद होने के कारण परिवार के भरण-पोषण में कठिनाई हो रही है। उन्होंने उपायुक्त से मामले की जांच कर राशन कार्ड पुनः चालू कराने का अनुरोध किया।
खरौंधी प्रखंड के सुंडी गांव निवासी बसंत मिंज ने सोलर पंप सेट के लिए जमा राशि वापस कराने अथवा सोलर पंप उपलब्ध कराने की मांग को लेकर आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि अप्रैल माह में सोलर पंप सेट के लिए ऑनलाइन भुगतान किया गया था, लेकिन अब तक कृषि विभाग की ओर से इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने का अनुरोध किया।
गढ़वा प्रखंड के बनपुरवा गांव निवासी प्रमिला देवी ने अपनी रैयती भूमि पर अवैध अतिक्रमण एवं नुकसान पहुंचाने की शिकायत उपायुक्त के समक्ष रखी। उन्होंने बताया कि उक्त भूमि उनके द्वारा खरीदी गई है और इस संबंध में उन्हें सिविल कोर्ट से डिक्री भी प्राप्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव के कुछ लोगों द्वारा उनकी भूमि की मेड़ को जेसीबी मशीन से तोड़कर अवैध रूप से कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि गांव में स्थायी रूप से नहीं रहने के कारण उनकी अनुपस्थिति में भूमि को नुकसान पहुंचाया गया। साथ ही, पूछताछ करने पर उन्हें गाली-गलौज एवं मारपीट की धमकी भी दी गई। उन्होंने उपायुक्त से मामले की उचित जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने एवं न्याय दिलाने की मांग की।
जनसुनवाई में प्राप्त अन्य 40 आवेदनों पर भी उपायुक्त ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को त्वरित एवं नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने सभी विभागीय पदाधिकारियों एवं कार्यालय प्रधानों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई शासन और जनता के बीच विश्वास का सशक्त माध्यम है। आमजनों की समस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।










