- उपायुक्त का औचक निरीक्षण: स्वास्थ्य सेवाओं एवं कार्यालय व्यवस्था में लापरवाही पर सख्त रुख, मरीजों को बेहतर सुविधा देने के निर्देश
- बीडीओ सहित अनुपस्थित कर्मियों पर कार्रवाई, एक दिन का वेतन स्थगित
गढ़वा। उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिनियाँ, प्रखंड सह अंचल कार्यालय चिनियाँ तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रंका का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, कर्मियों की उपस्थिति एवं कार्यालय कार्यों की स्थिति का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त सबसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिनियाँ पहुंचे। वहां ओपीडी में एक चिकित्सक मरीजों का उपचार करते हुए मिले तथा मेडिकल काउंटर से दवाओं का वितरण किया जा रहा था। हालांकि, नर्सिंग स्टाफ एवं पैथोलॉजी विभाग के कर्मी अनुपस्थित पाए गए। जानकारी लेने पर बताया गया कि सभी कर्मी रंका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित मासिक समीक्षा बैठक में भाग लेने गए हैं।
प्रखंड सह अंचल कार्यालय चिनियाँ के औचक निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी सुबोध कुमार सहित कुछ कर्मी बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए। इसे गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त श्री मिश्रा ने संबंधित कर्मियों का एक दिन का वेतन अगले आदेश तक स्थगित करने का निर्देश दिया। साथ ही प्रखंड विकास पदाधिकारी से उनके अनुपस्थित रहने के संबंध में स्पष्टीकरण की मांग की गई है। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि प्राप्त स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं होने पर संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बाद में उपायुक्त ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रंका का निरीक्षण किया। यहां चिकित्सकों सहित सभी कर्मी उपस्थित पाए गए। साथ ही रंका, चिनियाँ एवं रमकंडा प्रखंडों के स्वास्थ्यकर्मी मासिक समीक्षा बैठक में शामिल थे।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त श्री मिश्रा ने रंका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित मासिक समीक्षा बैठक में भी भाग लिया तथा चिनियाँ स्वास्थ्य केंद्र से अनुपस्थित पाए गए चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। जांच के क्रम में सभी संबंधित कर्मी बैठक में उपस्थित पाए गए। इस अवसर पर उन्होंने निर्देश दिया कि भविष्य में स्वास्थ्य विभाग की मासिक समीक्षा बैठकें चिनियाँ, रमकंडा एवं रंका प्रखंडों में बारी-बारी से आयोजित की जाएं।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रखंड में बैठक आयोजित होने से स्थानीय स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की जमीनी स्तर पर बेहतर समीक्षा हो सकेगी, क्षेत्रीय समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित होगा तथा आमजन को स्वास्थ्य सेवाओं का अधिक प्रभावी लाभ मिल सकेगा। साथ ही इससे अस्पतालों की नियमित कार्यप्रणाली प्रभावित नहीं होगी और मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना भी नहीं करना पड़ेगा।
बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त श्री मिश्रा ने सभी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को अपने निर्धारित समय पर अस्पताल पहुंचने तथा पूरी निष्ठा एवं संवेदनशीलता के साथ मरीजों की सेवा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अस्पतालों में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर उपचार, आवश्यक जांच सुविधाएं एवं उपलब्ध दवाएं समय पर सुनिश्चित की जानी चाहिए।
उपायुक्त ने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में संसाधनों एवं सुविधाओं का अधिकतम उपयोग करते हुए मरीजों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराना सभी स्वास्थ्यकर्मियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों को जनहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने का निर्देश दिया।










